यमुनानगर-जगाधरी नगर निगम का चुनाव कानूनी प्रक्रिया में फंसने में लेट हो सकता है। निगम चुनाव के लिए कराई गई वार्डबंदी को गलत बताते हुए इसके खिलाफ हाईकोर्ट में दायर की गई याचिका सुनवाई के लिए स्वीकार कर ली गई है।इस पर गुरुवार (आज) सुनवाई होगी। याचिकाकर्ता द्वारा दिए गए तथ्यों पर यदि कोर्ट संतुष्ट होता है तो इस पर स्टे (स्थगन आदेश) मिल सकता है। यदि कोर्ट ने दोबारा वार्डबंदी के आदेश दिए तो चुनाव प्रक्रिया में देरी होना तय है। खेड़ी निवासी हर मंजीत सिंह ने वार्ड बंदी प्रक्रिया में खामियां बताते हुए हाईकोर्ट में चुनौती दी है। उन्होंने सबसे पहले नगर निगम क्षेत्र की जनसंख्या पर सवाल उठाया है। इसमें उसने कहा है कि निगम की वेबसाइट पर 13 जून 2017 को 5 लाख 49 हजार जनसंख्या दिखाई गई है।इसके अाधार पर 24 वार्ड होने चाहिए। लेकिन वार्ड बंदी 4 लाख 78 हजार जनसंख्या के आधार पर कर 22 वार्ड गलत तरीके से बनाए गए हैं। वहीं वार्ड 19 का गठन नियमों के विरुद्ध किए जाने का दावा किया गया है। इसके अलावा वार्ड बंदी ड्राफ्ट में कॉलोनी के नाम व एरिया स्पष्ट न होने की बात कही गई है।
Source: Dainik Bhaskar August 02, 2018 00:37 UTC