डिजिटल डेस्क, पटना। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्यसभा चुनाव 2026 के लिए नामांकन कर दिया है। उनके नामांकन से बिहार में सियासी उथल-पुथल तेज हो गई है। जदयू कार्यकर्ता नीतीश कुमार से अपने फैसले पर फिर से विचार करने की अपील कर रहे हैं।वहीं, इन सब के बीच राज्यसभा चुनाव 2026 के लिए नीतीश कुमार के नामांकन दाखिल करने पर उनके बहनोई अनिल कुमार ने बड़ा बयान दिया है। अनिल कुमार ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि कार्यकर्ता साफ कह रहे हैं पार्टी में जो कुछ भी चल रहा है वह संजय झा और ललन सिंह कर रहे हैं।उन्होंने आगे कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के टिकट बंटवारे से ही पार्टी में यह सब चल रहा है। यह बिना किसी साजिश के नहीं हो सकता। सभी कार्यकर्ता संजय झा और ललन सिंह का नाम ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता साफ कह रहे हैं कि सब संजय झा और ललन सिंह कर रहे हैं।उन्होंने कहा कि बिना साजिश के मात्र 110 दिन में वह सीएम के पद से हटकर राज्यसभा जाने को तैयार हो गए, यह समझ के परे है। उन्होंने कहा कि यहां पूरी पार्टी में रावण बैठ गया है। अनिल कुमार ने कहा कि जब तक निशांत नहीं आएगा पार्टी नहीं बचेगी।