कानपुर (ब्यूरो)। सेनपश्चिम पारा थाना क्षेत्र स्थित सतबरी मैदान में ट्यूजडे देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई जब यहां बने कबाड़ के तीन गोदामों में अचानक भीषण आग लग गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि कुछ ही देर में धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई देने लगा। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।ज्वलनशील मैटेरियल की वजह से कम समय में फैली आगसेन पश्चिम पारा थाना क्षेत्र के न्यू आजाद नगर क्षेत्र के सतबरी मैदान में राहुल का स्क्रैप गोदाम है। मंगलवार देर रात अचानक गोदाम में आग लग गई। गोदाम में प्लास्टिक का स्क्रैप और अन्य ज्वलनशील कबाड़ बड़ी मात्रा में रखा हुआ था, जिसकी वजह से आग तेजी से फैलने लगी। देखते ही देखते आग की लपटें पास में स्थित कबाड़ कारोबारियों शैलेंद्र और शीलू के गोदाम तक पहुंच गईं और तीनों गोदामों में रखा कबाड़ धू-धू कर जलने लगा। आग की तेज लपटें और धुआं देखकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी।पुलिस ने मौके पर लोगों को संभाला, फायर ब्रिगेड ने बुझाई आगसूचना मिलते ही न्यू आजाद नगर चौकी प्रभारी विजय सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आसपास मौजूद लोगों को सुरक्षित दूरी पर किया और दमकल विभाग को सूचना दी। कुछ ही देर में फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाने के लिए लगातार पानी की बौछारें कीं। करीब काफी देर की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाया जा सका। आग लगने से कबाड़ के गोदामों में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया।आग लगने की वजह की हो रही जानकारीसेन पश्चिम पारा थाना प्रभारी प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई है। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती आशंका शॉर्ट सर्किट या किसी ज्वलनशील पदार्थ के कारण आग लगने की जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।