Mumbai News राज्यसभा चुनाव के लिए महाराष्ट्र से नामांकन दाखिल करने वाले सात उम्मीदवारों के शपथपत्र से उनकी संपत्ति का ब्योरा सामने आया है। इन आंकड़ों के कारण राजनीतिक हलकों में नई चर्चा शुरू हो गई है। चुनाव मैदान में उतरे सात प्रमुख उम्मीदवारों में राष्ट्रवादी कांग्रेस के युवा नेता पार्थ पवार सबसे अधिक संपत्ति वाले उम्मीदवार साबित हुए हैं।चुनाव आयोग को दिए गए शपथपत्र के अनुसार, पार्थ पवार ने करीब 87 करोड़ रुपये की कुल चल और अचल संपत्ति घोषित की है। इसमें बैंकों में जमा, अलग-अलग कंपनियों के शेयरों में निवेश और अन्य संपत्तियां शामिल हैं। साल 2019 की तुलना में उनकी संपत्ति में काफी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। हालांकि उनके ऊपर करीब 12 लाख रुपये का कर्ज भी बताया गया है।इस चुनाव में एक दिलचस्प बात पार्थ पवार और उनके दादा पूर्व मुख्यमंत्री शरद पवार की संपत्ति की तुलना को लेकर सामने आई है। शरद पवार ने अपने शपथपत्र में करीब 60 करोड़ रुपये की संपत्ति घोषित की है। छह दशक से ज्यादा समय से सक्रिय राजनीति में रहने वाले शरद पवार की तुलना में उनके परिवार की तीसरी पीढ़ी के पार्थ पवार के पास अधिक संपत्ति होने से यह मुद्दा चर्चा का विषय बन गया है। खास बात यह भी है कि शरद पवार के नाम पर कोई निजी चार पहिया वाहन भी नहीं है।तावडे हैं 31 करोड़ की प्रापर्टी के मालिक, आठवले के पास 8 करोड़ की संपत्तिः इस बीच अन्य उम्मीदवारों की संपत्ति का भी अलग-अलग चित्र सामने आया है। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव व पूर्व मंत्री विनोद तावड़े की संपत्ति बढ़कर अब 31 करोड़ रुपये से अधिक हो गई है। वहीं केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले की संपत्ति में भी बढ़ोतरी हुई है और यह करीब 8.9 करोड़ रुपये बताई गई है। नागपुर की पूर्व महापौर माया इवनाते ने अपने शपथपत्र में 3 करोड़ 80 लाख रुपये की संपत्ति घोषित की है। दूसरी ओर शिवसेना (शिंदे) की उम्मीदवार ज्योति वाघमारे सबसे कम संपत्ति वाली उम्मीदवार हैं। उनके पास केवल 32 लाख रुपये की संपत्ति है।