Puranpur, Pilibhit : मेले में हुई कहासुनी की रंजिश को लेकर बाइक सवारों ने गुरूद्वारा जा रहे एक युवक को रोककर गाली-गलौज की। विरोध करने पर उन्होंने अवैध असलहा से फायर कर दिया। गनीमत रही कि युवक बाल-बाल बच गया। ग्रामीणों की मदद से एक आरोपी को मौके पर पकड़ लिया गया, जबकि आधा दर्जन आरोपित मौके से फरार हो गए। अवैध तमंचा लहराते बाइक सवारों का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। पुलिस ने सात आरोपितों के विरुद्ध हत्या के प्रयास की प्राथमिकी दर्ज की है।सरेराह अवैध असलहा से फायर करने की घटना पूरनपुर-घुंघचाई नेशनल हाइवे से गजरौला जप्ती लिंक रोड की है। गांव गजरौला जप्ती निवासी मंजीत सिंह ने बताया कि उनका भतीजा बादल सिंह अपने दोस्त सनी के साथ दो दिन पहले महंगापुर मेला देखने गया था। वहां कुछ युवकों से उसकी कहासुनी हो गई। बुधवार की शाम करीब साढ़े छह बजे बादल सिंह घाटमपुर में स्थित गुरूद्वारा जा रहा था।बाइक सवार मनप्रीत सिंह, अंश, अनमोल मान निवासी गांव मझारा थाना माधोटांडा, अमृत, जगरूप, आकाश निवासी बड़ी नहर संधू फार्म पूरनपुर, और सनी गोस्वामी निवासी मोहल्ला लाइनपार साहूकारा ने उसे रोक कर गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर जान से मारने की नीयत से अवैध तमंचे से फायर कर दिया। गनीमत रही कि वह बच गया।सरेराह फायरिंग की घटना से खलबली मच गई। आस-पड़ोस के लोग मौके की ओर दौड़े। लोगों ने हिम्मत जुटाकर फायरिंग करने वालों में से मनप्रीत सिंह को बाइक समेत पकड़ लिया। जबकि अन्य बाइक सवार तमंचा लहराते हुए फरार हो गए। इसका एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है।सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। ग्रामीणों ने पकड़े गए आरोपी को पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने सात आरोपितों के विरुद्ध हत्या के प्रयास की धारा में मुकदमा दर्ज किया है।डा. प्रतीक दहिया, पुलिस क्षेत्राधिकारी, पूरनपुरयुवक पर फायरिंग करने के मामले में सात आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है। शीघ्र ही फरार आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।