भास्कर न्यूज, पुणे। पुणे जिले के जुन्नर शहर में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां के एक सरकारी आदिवासी कन्या छात्रावास में रहने वाली कॉलेज की छात्रा पर उसके ही गांव के एक युवक ने कोयते (धारदार हथियार) से जानलेवा हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि आरोपी ने शादी का प्रस्ताव ठुकराए जाने के गुस्से में इस वारदात को अंजाम दिया।चेहरे और गर्दन पर किए वार प्राप्त जानकारी के अनुसार, घायल छात्रा जुन्नर स्थित सरकारी आदिवासी कन्या छात्रावास में रहकर कॉलेज की पढ़ाई कर रही थी। गुरुवार सुबह जब वह हमेशा की तरह छात्रावास से बाहर निकली, तभी आरोपी महेश मुरलीधर डामसे ने उस पर हमला किया। आरोपी ने छात्रा के चेहरे और गर्दन पर कोयते से कई वार किए, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ी।इलाके में दहशत, आरोपी की तलाश जारी दिनदहाड़े हुई इस हिंसक घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है। हमले के तुरंत बाद आरोपी महेश डामसे मौके से फरार हो गया। स्थानीय नागरिकों ने तत्परता दिखाते हुए गंभीर रूप से घायल छात्रा को जुन्नर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार जारी है।जुन्नर पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है। घायल छात्रा ने पुलिस को दिए अपने बयान में बताया कि वह और आरोपी एक ही गांव के रहने वाले हैं। आरोपी उस पर शादी के लिए दबाव बना रहा था और इनकार करने पर उसने जान से मारने की नीयत से हमला किया।हमने आरोपी की पहचान कर ली है और उसे पकड़ने के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें रवाना कर दी गई हैं। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।- जुन्नर पुलिस प्रशासन