रामनगर और कालाढूंगी विधानसभा क्षेत्र में देर रात आए तेज आंधी-तूफान ने भारी तबाही मचाई। इस प्राकृतिक आपदा के कारण बिजली विभाग को 15 लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है। तूफान से 18 बिजली के पोल और लगभग 3 किलोमीटर लंबी विद्युत लाइनें क्षतिग्रस्त हो गईं,. तेज हवाओं और आंधी के चलते कई स्थानों पर बड़े-बड़े पेड़ टूटकर बिजली की लाइनों और पोलों पर गिर गए। इसके परिणामस्वरूप रामनगर और आसपास के कई इलाकों में देर रात से ही बिजली गुल हो गई, जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।बिजली व्यवस्था के अलावा, इस तूफान से किसानों की खड़ी गेहूं की फसल को भी भारी नुकसान पहुंचा। कई स्थानों पर पेड़ गिरने से वाहनों को भी क्षति हुई।बिजली विभाग के अधिशासी अभियंता गोविंद सिंह कार्की ने जानकारी देते हुए बताया कि देर रात आए तेज तूफान के कारण रामनगर और कालाढूंगी क्षेत्र में बिजली विभाग को भारी नुकसान हुआ है। उन्होंने पुष्टि की कि इस आंधी-तूफान में कुल 18 बिजली के पोल क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि करीब 3 किलोमीटर लंबी विद्युत लाइन भी टूटकर प्रभावित हो गई।कार्की ने बताया कि इस नुकसान का अनुमान लगभग 15 लाख रुपये से अधिक लगाया गया है। तूफान के कारण कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित होने के बाद विभाग के कर्मचारी और तकनीकी स्टाफ तुरंत मरम्मत कार्य में जुट गए हैं ताकि जल्द से जल्द आपूर्ति बहाल की जा सके।