जागरण संवाददाता, लखनऊ। प्रदेश के दक्षिणी-पश्चिमी अर्द्धशुष्क मैदानी, बुंदेलखंड क्षेत्र व पश्चिमी मैदानी क्षेत्र के अधिकांश भाग में इस सप्ताह औसत अधिकतम तापमान सामान्य से चार से छह डिग्री सेल्सियस अधिक रहेगा, जबकि अन्य कृषि जलवायु अंचलों में तापमान सामान्य से दो से चार डिग्री सेल्सियस बढ़ सकता है। मौसम में इस परिवर्तन का असर 13 मार्च तक रहेगा।मौसम विज्ञानी डा. अतुल कुमार सिंह ने बताया कि भाभर-तराई क्षेत्र के पश्चिमी भाग में औसत साप्ताहिक अधिकतम तापमान 30 से 32 सेल्सियस तक रहेगा। भाभर-तराई क्षेत्र के शेष भाग, उत्तर-पूर्वी मैदानी क्षेत्र, मध्य-पश्चिमी मैदानी क्षेत्र के अधिकांश भाग, पूर्वी मैदानी क्षेत्र के पूर्वी भाग एवं पश्चिमी मैदानी क्षेत्र के उत्तरी भाग में औसत साप्ताहिक अधिकतम 32 से 34 डिग्री सेल्सियस रहेगा।