कुतुबनगर-दधनामऊ मार्ग पर जमुनिया के पास भीषण हादसा, मातम में बदली होली की खुशियांससुराल जा रहे युवक की रास्ते में थमी सांसें, घायलों का अस्पताल में इलाज जारीSitapur : सीतापुर के पिसावां थाना क्षेत्र में बुधवार को रफ्तार का कहर बरपा, जहां कुतुबनगर-दधनामऊ मार्ग पर जमुनिया गांव के पास दो तेज रफ्तार बाइकों के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर ने दो परिवारों के चिराग बुझा दिए। इस दर्दनाक हादसे में बाइकों पर सवार कुल पांच लोग लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े। चीख-पुकार सुनकर दौड़े ग्रामीणों ने आनन-फानन में एंबुलेंस बुलाई, जिसके बाद घायलों को अलग-अलग सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में भर्ती कराया गया।मिश्रिख सीएचसी पहुंचे घायलों में डॉक्टरों ने पोखरपुरवा निवासी मुकेश को मृत घोषित कर दिया, जबकि पिसावां सीएचसी में भर्ती सारीपुर (हरदोई) निवासी गुलशन कुमार ने भी दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि गुलशन अपनी ससुराल कुतुबनगर आ रहा था, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था और खुशियों के आंगन में पहुंचने से पहले ही मौत ने उसे अपनी आगोश में ले लिया। हादसे में घायल अनुज कुमार और रामफेर का इलाज चल रहा है, वहीं कुलदीप की नाजुक हालत को देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह तोमर ने बताया कि पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल पर मची अफरातफरी और सड़कों पर बिखरे खून के धब्बे हादसे की भयावहता की गवाही दे रहे हैं। फिलहाल पुलिस तहरीर का इंतजार कर रही है, ताकि कानूनी कार्रवाई को आगे बढ़ाया जा सके। इस घटना ने पूरे इलाके में सन्नाटा पसरा दिया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।