राज्य ब्यूरो, पटना। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने बिहार की मौजूदा स्थिति को लेकर एनडीए की डबल इंजन सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि बिहार एक ऐसा प्रदेश बन गया है जहां विकास के अधिकांश सूचकांकों में स्थिति चिंताजनक है। तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि दशकों से एनडीए की सरकार रहने के बावजूद राज्य कई मामलों में पीछे है। उनका कहना है कि सरकार विकास के दावों के बावजूद जमीनी हकीकत को नजरअंदाज कर रही है। उन्होंने कहा कि इन मुद्दों पर सरकार को जवाब देना चाहिए। साथ ही जनता के सामने सच्चाई रखनी चाहिए।गरीबी और पलायन का मुद्दा उठाया तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार देश का सबसे गरीब राज्य बना हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य से सबसे अधिक पलायन भी बिहार से ही होता है। उनके अनुसार रोजगार के अवसरों की कमी के कारण बड़ी संख्या में युवाओं को बाहर जाना पड़ता है।उन्होंने कहा कि बेरोजगारी की समस्या भी राज्य में गंभीर बनी हुई है। इसके अलावा बहुआयामी गरीबी और स्कूल ड्रॉपआउट की दर भी अधिक बताई। उन्होंने इसे सरकार की नीतियों की विफलता करार दिया। शिक्षा और साक्षरता पर भी उठाए सवाल नेता प्रतिपक्ष ने शिक्षा व्यवस्था को लेकर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि बिहार की साक्षरता दर देश में सबसे कम है। साथ ही कई स्कूलों में कंप्यूटर और आईसीटी लैब जैसी सुविधाओं की कमी है।