संवाद सूत्र, जागरण, प्रयागराज। मांडा थाने में रविवार दोपहर 20 वर्षीया एक युवती अपनी मां के साथ पहुंची। इंस्पेक्टर अनिल वर्मा को रो-रो कर बताया कि पिता उसका शोषण करता है। यही नहीं, उसकी चार और बहनों का भी वह शोषण करता है।विरोध करने पर पिटाई की जाती है। यह सुनकर इंस्पेक्टर ही नहीं, वहां मौजूद अन्य पुलिसकर्मी भी हतप्रभ रह गए। युवती से दोबारा पूछा गया तो फिर उसने वही बताया। साथ में मौजूद पीड़िता की मां ने भी यही बात कही। इसके बाद युवती ने पुलिस को तहरीर दी। हालांकि, जांच के बाद मुकदमा दर्ज करने की बात कही गई।मांडा थानांतर्गत एक गांव का रहने वाला एक व्यक्ति दूसरे राज्य में प्राइवेट नौकरी करता है। उसके कई बच्चे हैं, जिसमें पांच पुत्रियां हैं। वह वर्ष में एक-दो माह के लिए ही घर आता है। होली पर वह घर आया और तब से यही हैं। रविवार दोपहर उसकी सबसे बड़ी पुत्री अपनी मां के साथ मांडा थाने पहुंची।आरोप लगाया कि पिता उसके साथ ही अन्य चार बहनों का शोषण करते हैं। रविवार सुबह छोटी बहन का शोषण करने का प्रयास किया गया। विरोध करने पर उसकी पिटाई की गई। पुलिस ने लिखित तौर पर शिकायत को देने की बात कही तो कुछ देर बाद युवती ने पुलिस को तहरीर दी, जिसमें पिता पर शोषण व मारपीट का गंभीर आरोप लगाया गया है।