गैस सिलेंडर संकट को लेकर मुनस्यारी में प्रदर्शन करते कांग्रेसी।पिथौरागढ़ जिले के सीमांत क्षेत्र मुनस्यारी में रसोई गैस की बढ़ती कीमतों और पेट्रोल-डीजल की किल्लत को लेकर कांग्रेस सहित स्थानीय लोगों ने प्रदर्शन किया।. प्रदर्शनकारियों ने कहा कि क्षेत्र में गैस की किल्लत के चलते लोगों के चूल्हे ठंडे होने की नौबत आ गई है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष मनोहर टोलिया ने कहा कि एक तरफ महंगाई की मार है, तो दूसरी तरफ आपूर्ति प्रभावित होने से लोग सिलेंडर के लिए भटकने को मजबूर है। चेतावनी दी कि यदि जल्द ही गैस और ईंधन की आपूर्ति सुचारू नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।प्रदर्शन करने वालों में ब्लॉक अध्यक्ष कांग्रेस दान सिंह बगरी, शंकर धर्मशक्तू, चंदन धर्मशक्तू, हीरा चिराल, छत्र खत्री, केदार राम, खुशाल हरकोटिया, सुंदर जोहरी, चंद्र गिरी, बबलू ढोकटी, चंद्र प्रकाश आदि शामिल थे। ऑनलाइन-ऑफलाइन दोनों माध्यमों से हो वितरण कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रशासन से गैस वितरण की व्यवस्था को पारदर्शी और सुलभ बनाने के लिए बुकिंग ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से किए जाने की मांग की है। उन्होंने पेट्रोल पंपों पर तेल की कमी को तुरंत दूर करने की मांग उठाई ताकि परिवहन और दैनिक कार्य प्रभावित न हों।सिलेंडर खत्म हुआ तो बंद करना पड़ेगा रेस्टोरेंटहोटल एसोसिएशन के जिला उपाध्यक्ष पूरन पांडे ने कहा कि दो तीन दिनों का ही सिलेंडर बचा है उसके बाद रेस्टोरेंट बंद करना पड़ेगा। कई छोटे रेस्टोरेंट बंद हो चुके हैं। सरकार प्रशासन को गैस की किल्लत दूर करने के प्रयास करने चाहिए। उन्होंने कहा कि मुनस्यारी में पर्यटक आते हैं। यदि होटल रेस्टोरेंट बंद हुए तो पर्यटन व्यवसाय प्रभावित होगा।बुरी तरह से प्रभावित हुआ है रोजगारमुनस्यारी व्यापार संघ अध्यक्ष प्रमोद द्विवेदी ने कहा कि होटल, चाय, फास्ट फूड, ढाबा संचालकों का रोजगार पूरी तरह प्रभावित हो गया है। संकट दूर नहीं हुआ तो छोटे व्यापारियों को आर्थिक संकट से गुजरना पड़ेगा। शीघ्र गैस, ईंधन की किल्लत दूर करने के प्रयास होने चाहिए।