New Delhi News. अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय महिला आयोग 8 से 14 मार्च तक देश के 500 जिलों में महिलाओं की समस्याओं को दूर करने के लिए जन सुनवाई करेगा। आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि महाराष्ट्र में तीन जगहों पर जन सुनवाई होगी। यहां आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में रहाटकर ने कहा कि राष्ट्रीय महिला आयोग कमीशन महिलाओं पर हो रहे अत्याचार को रोकने, उन्हें न्याय दिलाने और काम के समान मौके दिलाने की दिशा में काम कर रहा है। रहाटकर ने कहा कि पिछले कुछ समय से नियमित सुनवाई और जन सुनवाई के जरिए महिलाओं की समस्याओं का समाधान किया जा रहा है। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर देश के 25 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में राज्य महिला आयोगों के साथ मिलकर जन सुनवाई की जाएगी। इस जनसुनवाई में 15 हज़ार से ज़्यादा शिकायतों का समाधान निकाला जाएगा। रहाटकर ने बताया कि वह स्वयं 9 तारीख को जयपुर जाएंगी। इसके बाद वडोदरा, भोपाल, देवघर और दुमका जाकर वहां की महिलाओं की शिकायतें सुनेंगी।