नई दिल्ली (बिजनेस डेस्क)। ई-कॉमर्स कंपनियों के लिए 1 फरवरी 2019 से लागू हुए एफडीआई के नए नियमों से फ्लिपकार्ट और अमेजन जैसी कंपनियों को नुकसान उठाना पड़ रहा है। आलम यह रहा कि अमेजन को अपनी ऑनलाइन ग्रॉलरी डिलीवरी सेवा अमेजन पैंट्री को भारत के लिए बंद करना पड़ा, जिसके लिए उसने बाकायदा ट्विटर पर सवाल पूछ रहे लोगों को इसकी जानकारी दी।हालांकि अब ट्विटर पर यूजर्स की ओर से गुहार लगाई जा रही है कि ई-रिटेल की दिग्गज कंपनी को अपनी इस सेवा को बहाल करना चाहिए। अमेजन ने अपने भारतीय यूजर्स को एक ट्वीट में जवाब देते हुए कहा, "फिलहाल पैंट्री के सामान अमेजन पर उपलब्ध नहीं हैं। कृपया अधिक जानकारी के लिए हमारे साथ बने रहें।" जानकारी के लिए आपको बता दें कि यह सेवा भारत में एक फरवरी से ही रोकी जा चुकी है। इसी दिन देश में प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) के संशोधित नियम लागू किए गए हैं।एफडीआई के नए नियमों के मुताबिक अमेजन ने अपनी वेबसाइट से क्लाउड टेल इंडिया और एप्पारियो रिटेल प्राइवेट लिमिटेड जैसे सेलर्स को हटा दिया है। वहीं एक ट्विटर यूजर ने लिखा, "मैं अमेजन पैंट्री सेवा को याद कर रहा हूं, जो मेरी जरूरतों को पूरा करती थी। यह बेहद सुविधाजनक था।" वहीं एक यूजर ने यह कहा, "अमेजन पैंट्री को क्या हुआ? कृपया इसे ठीक करें।" गौरतलब है कि वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय ने 26 दिसंबर को एफडीआई से जुड़े नए दिशा-निर्देश जारी किए थे। इसके आधार पर ई-कॉमर्स कंपनियों को इंवेट्री पर नियंत्रण या स्वामित्व रखने से रोका गया है।Posted By: Praveen Dwivedi
Source: Dainik Jagran February 05, 2019 12:45 UTC