डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। मिडिल ईस्ट में जारी जंग के बीच पाकिस्तान का पूर्व राजनयिक अब्दुल बासित भारत के खिलाफ जहर उगला है। अब्दुल बासित ने भारत के खिलाफ भड़काऊं बयान देते हुए कहा कि यदि अमेरिका कभी पाकिस्तान पर हमला करता है या उसके परमाणु कार्यक्रम को निशाना बनाता है, तो हमारे पास भारत पर हमला करने के अलावा कोई विकल्प नहीं होगा।दरअसल, अब्दुल बासित भारत का उच्चायुक्त रह चुका है। एक पाकिस्तानी टीवी चैनल पर चर्चा के दौरान बासित ने कहा कि अगर अमेरिका पाकिस्तान पर या उसकी परमाणु क्षमताओं को नष्ट करने के लिए हमला करता है तो हम भारत के दिल्ली और मुंबई जैसे शहरों को निशाना बनाएंगे।बता दें कि अब्दुल बासित की भारत के खिलाफ यह टिप्पणी अमेरिकी राष्ट्रीय खुफिया निदेशक तुलसी गैबार्ड के उन बयानों पर पूछे गए एक सवाल के जवाब में आई, जिनमें उन्होंने पाकिस्तान के लंबी दूरी की बैलिस्टिक मिसाइल कार्यक्रम को लेकर चिंता जताई थी।सबसे खराब स्थिति के रूप में क्या होगा? टीवी डिबेट के दौरान उन से पूछा गया- "अगर हालात बिगड़ते हैं, मान लीजिए ईरान में स्थिति खराब हो जाती है, और इजरायल की नजर हम पर है, ऐसी परिस्थितियां उत्पन्न होती हैं जिनमें अमेरिका की नजर हमारे परमाणु कार्यक्रम पर है और वह इसे नष्ट करने की कोशिश करता है... यह असंभव है, लेकिन सबसे खराब स्थिति के रूप में... मान लीजिए कि अमेरिका पाकिस्तान पर हमला करता है, भले ही अमेरिका हमारी परमाणु सीमा में न हो, तो आपके विचार से हमारे पास क्या विकल्प होगा?" भारत के अलावा कोई विकल्प नहीं बासित ने कहा, "भारत, हमें कुछ भी करने की जरूरत नहीं है... अगर कोई हम पर बुरी नजर डालता है, तो हमें बिना सोचे समझे मुंबई और नई दिल्ली पर हमला कर देना चाहिए। बाद में जो होगा, हम देखेंगे। अगर हमारे पास कोई विकल्प नहीं बचता और अमेरिका हम पर हमला करता है... तो यह असंभव है... लेकिन दुनिया को यह पता होना चाहिए कि अगर कोई पाकिस्तान पर बुरी नजर डालता है... तो उसके पास भारत पर हमला करने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचेगा।"हमारे पास इतनी मारक क्षमता नहीं... पाकिस्तानी चैनल एबीएन न्यूज पर डिबेट के दौरान अब्दुल बासित ने कहा " तुलसी गबार्ड का पाकिस्तान-विरोधी दृष्टिकोण हमेशा से सामने आता है। आखिरकार, वह भारतीय मूल की हैं। पाकिस्तान की प्रतिरोधक क्षमता भारत-विशिष्ट है। तुलसी गबार्ड ने हमारी मिसाइलें देखीं, लेकिन भारत की अग्नि 5 और अग्नि 6 नहीं। ये अंतरमहाद्वीपीय मिसाइलें हैं। हमारे पास इतनी मारक क्षमता नहीं है। मैं प्रार्थना करता हूं कि यह बढ़े। कम से कम हमें इजरायल को निशाना बनाने में सक्षम होना चाहिए।"अमेरिका कभी भी हमारा रणनीतिक साझेदार नहीं होगा भारत में पाकिस्तान के उच्चायुक्त रह चुके बासित ने कहा, "भारत अमेरिका का रणनीतिक साझेदार है। हम बहक जाते हैं और सोचते हैं कि पाकिस्तान के (अमेरिका के साथ) मजबूत संबंध हैं। यह सच है कि ट्रंप सत्ता में के आने के बाद कुछ हालात सुधरे हैं, लेकिन हमें याद रखना चाहिए कि अमेरिका कभी भी दीर्घकालिक रूप से हमारा रणनीतिक साझेदार नहीं होगा।"
Source: Dainik Jagran March 22, 2026 14:34 UTC