मरीज की मौत के बाद हंगामा, स्टाफ पर संवेदनहीनता और मारपीट के आरोपलखनऊ। लोहिया अस्पताल इन दिनों अस्पताल कम और अखाड़ा ज्यादा बनता जा रहा है। आए दिन लोहिया अस्पताल के स्टाफ और तीमारदारों के बीच झड़प और झगड़े की खबर सामने आ ही जाती है। ताजे मामले में लोहिया अस्पताल में एक मरीज की मौत के बाद स्टाफ और तीमारदारों में मारपीट हो गई। परिजनों ने आरोप लगाते हुए कहा कि इलाज में लापरवाही बरतने के कारण मरीज की मौत हुई है साथ ही परिजनों ने लोहिया अस्पताल स्टाफ पर अभद्रता और मारपीट के गंभीर आरोप भी लगाए हैं। फिलहाल पुलिस ने तीन तीमारदारों को हिरासत में लिया है।घटना सुबह करीब 7 बजे की बताई जा रही है। बाराबंकी निवासी मरीज लाल बहादुर को रात करीब 1 बजे गंभीर हालत में इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था और सुबह 7 बजे मरीज की मृत्यु हो गई, जिसके बाद जमकर हंगामा हुआ।क्या बोला लोहिया अस्पताल प्रशासन-‘’आपातकालीन विभाग में एक गंभीर रूप से बीमार मरीज को निमोनिया एवं एक्यूट रेस्पिरेटरी डिस्ट्रेस सिन्ड्रोम (एआरडीएस) के कारण भर्ती किया गया था। मरीज का ऑक्सीजन स्तर काफी कम था और सभी प्रयासों के बावजूद नियंत्रित नहीं हो पा रहा था। चिकित्सकों द्वारा मरीज को तत्काल वेंटिलेटर पर रखने की सलाह दी गई और परिजनों को स्पष्ट रूप से समझाई गई। सुबह साढ़े तीन बजे वेंटिलेशन के लिए सहमति देने से परिजनों ने इंकार कर दिया।मरीज की स्थिति लगातार बिगड़ती ही और लगभग दो घंटे के विलंब के बाद परिजनों ने सहमति प्रदान की। सहमति मिलने के पश्चात तुरंत वेंटिलेटर सपोर्ट शुरु किया गया, लेकिन परिजनों की सहमति में विलंब के कारण मरीज को बचाया नहीं जा सका। इसके बाद परिजनों द्वारा आपातकालीन विभाग में अनुचित व्यवहार करते हुए व्यवधान उत्पन्न किया गया। इस संबंध में आवश्यक विधिक कार्रवाई के लिए पुलिस में शिकायत दर्ज करा दी गई है तथा संस्थान द्वारा मामले की विस्तृत जांच भी की जा रही है।‘’
Source: Dainik Bhaskar March 17, 2026 13:33 UTC