राजस्थान के अलावा हरियाणा व पंजाब के मोस्ट वांटेड गैंगस्टर अंकित भादू का पुलिस ने बुधवार को एनकाउंटर कर दिया। वहीं, उसके दो साथियों को गिरफ्तार कर लिया। यह एनकाउंटर चंडीगढ़ में जीरकपुर में ऑर्गेनाइज्ड क्राइम यूनिट की स्पेशल पुलिस टीम ने किया। सबसे खास बात है कि राजस्थान के डीजीपी कपिल गर्ग ने एनकाउंटर के एक दिन पहले ही 6 फरवरी को अंकित भादू को पकड़ने, उसके बारे में सूचना देने या गिरफ्तारी में मदद देने वाले व्यक्ति को 1 लाख रुपए का ईनाम देने की घोषणा की थी।जानकारी के अनुसार बुधवार देर शाम को पंजाब में पुलिस और अंकित भादू के बीच मुठभेड़ हो गई। इसमें अंकित की गोली लगने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि भादू के साथ मुठभेड़ में दो पुलिसकर्मी भी जख्मी हुए है। वहीं, अंकित की गैंग में शामिल बदमाशों के भी घायल होने की खबर है।सूत्रों के अनुसार चंडीगढ़ के समीप जीरकपुर में पीर मुछला में अंकित और पंजाब की संगठित अपराध सेल के बीच मुठभेड़ हुई थी। जिसमें पुलिस ने पीरमुछला को चारों तरफ से घेर लिया। इसके बाद पुलिस और बदमाशों के बीच फायरिंग हुई। जिसमें अंकित की गोली लगने से मौत हो गई।वहीं, राजस्थान की बात करें तो अंकित भादू हरियाणा के हार्डकोर बदमाश लारेंस विश्नोई गैंग का मुख्य सहयोगी था। अंकित के खिलाफ श्रीगंगानगर में लगभग 15 मुकदमे दर्ज है। इनमें दो केस हत्या से जुड़े बताए जा रहे है। कुछ माह पहले दूसरी गैंग के हार्डकोर बदमाश जॉर्डन हत्याकांड का मुख्य सूत्रधार भी अंकित भादू ही था।
Source: Dainik Bhaskar February 07, 2019 15:00 UTC