कनाडा की क्रिप्टोकरंसी फर्म क्वाड्रिगा के फाउंडर और सीईओ गेराल्ड कोटेन (30) की मौत होने से निवेशकों की 974 करोड़ रुपए की वैल्यू की क्रिप्टोकरंसी फ्रीज हो गई है। इस करंसी को अनलॉक करने का पासवर्ड सिर्फ कोटेन के पास था। कोटेन की मौत दिसंबर में हुई थी। पिछले हफ्ते क्वाड्रिगा ने कनाडा के कोर्ट में क्रेडिट प्रोटेक्शन की अर्जी दाखिल की तो क्रिप्टोकरंसी लॉक होने की जानकारी सामने आई।क्वाड्रिगा के जरिए बिटकॉइन, लाइटकॉइन और इथ्रीरियम कॉइन जैसी क्रिप्टोकरंसी में ट्रेडिंग में की जा सकती है। इसके लॉक होने से 1.15 लाख यूजर पर असर पड़ा है। कंपनी के 3.63 लाख रजिस्टर्ड यूजर हैं। कोटेन की पत्नी जेनिफर रॉबर्टसन ने कोर्ट में दाखिल एफिडेविट में यह जानकारी दी है।जेनिफर ने कहा है कि कोटेन के मेन कंप्यूटर में क्रिप्टोकरंसी का कोल्ड वॉलेट है जिसे सिर्फ फिजिकली एक्सेस किया जा सकता है। उसका पासवर्ड सिर्फ कोटेन जानते थे। लेकिन, उनकी मौत के बाद कोल्ड वॉलेट में क्रिप्टोकरंसी फंस गई है।जेनिफर ने बताया कि वो कोटेन के बिजनेस में शामिल नहीं थीं। इसलिए, उन्हें पासवर्ड और रिकवरी-की के बारे में पता नहीं है। जेनिफर का कहना है कि घर में काफी तलाश करने के बाद भी पासवर्ड कहीं लिखा हुआ नहीं मिला। एक्सपर्ट से भी बात की लेकिन कोटेन के दूसरे कंप्यूटर से कुछ कॉइन ही रिकवर हो पाए। विशेषज्ञ भी मेन कंप्यूटर का एक्सेस हासिल नहीं कर पाए।
Source: Dainik Bhaskar February 06, 2019 03:03 UTC