जागरण संवाददाता, जयपुर। गुर्जर सहित पांच जातियों को पांच फीसद आरक्षण दिए जाने की मांग को लेकर गुर्जर समाज ने एक बार फिर सरकार को चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि शुक्रवार को आरक्षण की घोषणा नहीं की गई तो वह रेल व सड़क यातायात बाधित कर देंगे। मुंबई-जयपुर रेलवे ट्रैक को भी बाधित करने की चेतावनी दी है। हालांकि, सरकार भी गुर्जरों को मनाने के साथ ही कोई रास्ता निकालने का प्रयास में जुट गई है। साथ ही प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मोर्चा संभाल लिया है।आरक्षण की मांग को लेकर गुर्जर समाज शुक्रवार को सवाई माधोपुर के मलारना डूंगर में महापंचायत कर आंदोलन का एलान करेगा। गुर्जर समाज ने राजस्थान की अशोक गहलोत सरकार को शुक्रवार शाम चार बजे तक आरक्षण की घोषणा करने का अल्टीमेटम दिया है। इसके बाद शाम पांच बजे गुर्जर समाज सवाई माधोपुर में मुंबई-जयपुर रेलवे ट्रैक पर कब्जा करने के साथ ही प्रदेश के प्रमुख स्थानों पर रेल और सड़क यातायात रोकगा।सक्रिय हुए सचिन पायलटगुर्जरों की चेतावनी को देखते हुए राजस्थान सरकार ने कानूनी विशेषज्ञों एवं अधिकारियों के साथ बैठक की है। इसके साथ ही गुर्जर समाज के नेताओं से भी संपर्क साधा है। उप मुख्यमंत्री और पीसीसी अध्यक्ष सचिन पायलट ने गुर्जर नेता हिम्मत सिंह के साथ मुलाकात करने के साथ ही आरक्षण संघर्ष समिति के संयोजक कर्नल किरोड़ी सिंह बैंसला से भी संपर्क किया है। पायलट ने गुर्जर सहित पांच जातियों के आरक्षण का मुद्दा भाजपा द्वारा लटकाए रखने का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार गंभीर है। शीघ्र ही सकारात्मक निर्णय निकाल लिया जाएगा । सचिन पायलट ने कानूनी विशेषज्ञों के साथ ही विधि, वित्त, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के अधिकारियों के साथ चर्चा की ।प्रशासन चौकन्ना, सुरक्षा के बंदोबस्त किएवहीं, मुख्य सचिव डीबी गुप्ता ने पुलिस महानिदेशक और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ गुर्जर समाज की चेतावनी को देखते हुए बैठक की । इसमें गुर्जर बहुल जिलों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने, अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने के साथ ही कुछ प्रशासनिक अधिकारियों को भी लगाने का निर्णय लिया गया । रेलवे ट्रैक और हाईवे पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है।Posted By: Ravindra Pratap Sing
Source: Dainik Jagran February 07, 2019 16:18 UTC