जूना ब्यावरा स्थित तालाब में कोपरा का अवैध उत्खनन करते हुए जेसीबी मशीन और ट्राली में लोड कर ले जाते हुए उत्खनन माफियाभास्कर संवाददाता| ब्यावराशहर के बीचों बीच स्थित जूना ब्यावरा के तालाब में बड़े पैमाने पर अवैध उत्खनन और परिवहन किया जा रहा है। जहां सवस्वती शिशु मंदिर के पीछे बने नगरपालिका के तालाब में मौजूदा वक्त में जेसीबी मशीन से कोपरा की खुदाई कराकर ढुलाई की जा रही है। जहां पर बीते करीब सप्ताहभर से बड़े पैमाने पर स्टोन (कच्चे पत्थर यानि कोपरा) की खुदाई की जा रही है। अवैध उत्खनन करने वाले इसे ट्रैक्टर व ट्रालियों में लादकर ढोकर भी ले जा रहे हैं। लेकिन इसके बाद भी न तो खनिज विभाग के अधिकारियों द्वारा इस पर कार्रवाई की जा रही है और न ही प्रशासन द्वारा ही ध्यान दिया जा रहा है।आसपास के रहवासियों ने बताया कि रोजाना करीब 100 से 150 ट्राली तक कोपरा इसमें से खनन किया जा रहा है। इसके बाद भी न तो राजस्व विभाग द्वारा कार्रवाई की जा रही है और न ही खनिज विभाग के अधिकारी ही इस पर ध्यान दे रहे हैं। जिम्मेदारों के ध्यान नहीं देने से अवैध उत्खनन कारोबारी बेखौफ होकर कोपरा की खुदाई कर इसे ढोने में लगे हुए हैं।तालाब के पास रहने वाले रामकिशन, बद्रीलाल, संतोष आदि का आरोप है कि तालाब में चल रहे अवैध उत्खनन की उन्होंने तहसील में एसडीएम कार्यालय में शिकायत की थी। इस पर अधिकारियों ने अवैध उत्खनन करने में लगी मशीन को जब्त कराकर अवैध उत्खनन रुकवाने का आश्वासन दिया था। लेकिन इसके बाद भी न तो अवैध उत्खनन रूक सका है और न ही कार्रवाई ही हुई है।
Source: Dainik Bhaskar February 05, 2019 20:37 UTC