Hindi NewsLocalBiharPatnaBuxarTwo Died After Being Hit By A Truck In Buxarट्रक की चपेट में आने से दो की मौत: एक बाइक पर बच्ची समेत थे चार लोग सवार, महिला और डेढ़ साल की बच्ची की मौत, पति और भाई बुरी तरह जख्मीबक्सर 18 घंटे पहलेकॉपी लिंकअस्पताल में शोकाकुल परिजन।बक्सर जिले के इटाढ़ी थाना स्थित सरेंजा मार्ग पर गुरुवार की दोपहर ट्रक की चपेट में आने से एक महिला और उसकी डेढ़ साल की मासूम बच्ची की मौत हो गई। वहीं महिला का पति और भाई गंभीर रूप से जख्मी हो गए। चारों एक ही बाइक पर सवार थे। घटना के बाद चालक ट्रक छोड़कर भाग निकला। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने ट्रक को सीज कर लिया है। साथ ही सभी जख्मियों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने दोनों की स्थिति को नाजुक देखते हुए रेफर कर दिया। वहीं पुलिस ने मां और बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।घटना कर्मी मोड़ के पास हुई। मृतक UP के गाजीपुर जिले के दिलदारनगर थाना के पचोखर गांव के रहने वाले सब्दुल मियां की पत्नी असमा बेगम (22वर्ष), 2 वर्षीय पुत्री जमरातन खातून उर्फ आलिया बताई जाती है। जख्मी मृतक का पति सब्दुल मियां और उसका भाई खरहना निवासी सोहराब मंसूरी बताया जाता है। इटाढ़ी थाना के खरहना गांव की रहने वाली असमा बेगम अपने पति सब्दुल मियां और भाई सोहराब मंसूरी के साथ बाइक पर सवार होकर अपने मायके से कहीं जा रही थी। उसकी गोद में उसकी दो साल की बच्ची आलिया भी थी। इटाढ़ी-सरेंजा मार्ग पर कर्मी मोड़ के पास इनकी बाइक एक ट्रक की चपेट में आ गई, जिससे यह दुर्घटना हुई।घटना की जानकारी मिलते ही असमा की ससुराल से लेकर मायके तक कोहराम मच गया। इटाढ़ी थानाध्यक्ष राजेश कुमार मालाकार ने बताया कि दोनों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। परिजनों को इसकी सूचना दे दी गई है। ट्रक को जब्त कर लिया गया है। चालक भागने में सफल रहा। बहुत जल्द उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Source: Dainik Bhaskar July 22, 2021 13:17 UTC