दरभंगा। दरभंगा इंटरनेशनल एयरपोर्ट बनने जा रहा है। यहां से नेपाल एवं पश्चिम बंगाल के कई जिले के लोग हवाई मार्ग से यात्रा कर रहे हैं। साथ ही पूर्वांचल एवं तिरहुत क्षेत्र के लोग भी हवाई यात्रा दरभंगा से ही कर रहे है। इसलिए पांच सौ नए रूटों को चिन्हित करें, जिनमें अंतर्देशीय, अंतर राज्यीय व अंतर जिला के रूट शामिल रहेंगे। उपरोक्त बातें प्रमंडलीय आयुक्त मनीष कुमार ने कहीं। वे गुरूवार को क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकार की बैठक को संबोधित कर रहे थे। आयुक्त कार्यालय सभागार में हुई बैठक में कई वाहन परमिट आवेदन पर आपत्ति करने वाले की अनुपस्थिति पर उन्होंने नाराजगी जताई। कहा - यदि किसी के द्वारा किसी परमिट के आवेदन पर आपत्ति दर्ज की जाती है, तो उसे स्वयं या उसके प्रतिनिधि का बैठक में उपस्थित रहना अनिवार्य है। इसकी पुनरावृति दोबारा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने अनुपस्थिति आपत्तिकर्ताओं से स्पष्टीकरण की मांग करने का निर्देश दिया। बैठक में क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकार के सचिव सह आयुक्त के सचिव दुर्गानंद झा ने नए परमिट के लिए दिए गए आवेदनों को एक-एक करके प्राधिकार के समक्ष पूरे विवरण के साथ रखा। बैठक में 65 नए वाहन परमिट की स्वीकृति प्रदान की गई। कई परमिट में दूसरे वाहन मालिक द्वारा दिए गए आपत्ति के कारण उसे विचारार्थ रख लिया गया। आवेदक को परिचालन समय परिवर्तित कर आवेदन करने का निर्देश दिया गया। बता दें कि एक ही रूट के दो बसों में खुलने का यानि परिचालन समय में कम से कम दो मिनट का अंतर होना चाहिए। बैठक में एक एजेंट लाइसेंस तथा चार वाहन परमिट का नवीकरण किया गया। बैठक में प्राधिकार के सदस्य सह अपर समाहर्ता विभूति रंजन चौधरी, उप निदेशक जन संपर्क नागेंद्र कुमार गुप्ता, बिहार राज्य पथ परिवहन निगम के क्षेत्रीय पदाधिकारी आदि मौजूद थे।शॉर्ट मे जानें सभी बड़ी खबरें और पायें ई-पेपर,ऑडियो न्यूज़,और अन्य सर्विस, डाउनलोड जागरण ऐप
Source: Dainik Jagran July 01, 2021 18:38 UTC