दिल्ली पुलिस ने कैब ड्राइवर की हत्या और लूट के मामले में लिव में रह रहे कपल को गिरफ्तार किया है। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि उन्होंने लूटपाट के मकसद से 29 जनवरी को एमजी रोड से गाजियाबाद के लिए कैब बुक की थी। इसके बाद वे ड्राइवर को अपने घर ले गए, जहां उसकी हत्या कर दी। दोनों ने कटर से ड्राइवर के छोटे-छोटे टुकड़े कर तीन पैकेट में भर कर नाले में फेंक दिया।पुलिस ने बताया कि आरोपी फरहत अली और उसके साथ रह रही सीमा शर्मा को रविवार को गिरफ्तार किया गया। सीसीटीवी फुटेज में दोनों आरोपियों को मृतक की गाड़ी के पास देखा गया था। पुलिस के मुताबिक, मृतक राम गोविंद की पत्नी ने 29 जनवरी को पति के गुम होने की शिकायत दर्ज कराई थी।डिप्टी कमिश्नर विजयंता आर्या ने बताया कि शुरुआती जांच में पुलिस इसे ब्लाइंड केस मान रही थी, क्यों कि इस मामले में कोई चश्मदीद नहीं था। ऊबर कैब की आखिरी राइड मदनगीर से कापाशेरा बॉर्डर तक बुक की गई थी। इसके बाद कैब में लगी जीपीएस डिवाइस ने काम करना बंद कर दिया था।आर्या ने बताया- पुलिस ने सर्विलांस टीम की मदद से गोविंद का फोन बरामद किया। इसके बाद पुलिस टीम को पता चला की कपल मेहरौली-गुरुग्राम रोड पर कैब के आसपास देखा गया। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
Source: Dainik Bhaskar February 05, 2019 08:18 UTC