जागरण संवाददाता, मेरठ। नोएडा में तैनात हेडकांस्टेबल पर एक महिला सिपाही ने दुष्कर्म के प्रयास का आरोप लगाया है। पीड़िता का कहना है कि आरोपित ने विरोध करने पर उसका मोबाइल भी छीनकर तोड़ दिया। महिला की शिकायत पर एसपी क्राइम ने सीओ कैंट को जांच करने के निर्देश दिए हैं। सीओ के समक्ष महिला सिपाही और उसके पति के बयान दर्ज किए गए हैं, आरोपित को भी पक्ष रखने के लिए बुलाया गया है।महिला सिपाही हाल ही में गौतमबुद्धनगर से मेरठ में तैनात हुई है। पांच साल तक गौतमबुद्धनगर में रह चुकी है। वर्तमान में वह शहर के एक थाने में कार्यरत है। पति भी कांस्टेबल है। दोनों मेरठ में रहते हैं। पीड़िता का आरोप है कि नोएडा के सेक्टर 20 थाने में हेडकांस्टेबल चंद्रकांत से मुलाकात हो गई। चंद्रकांत शामली जनपद का रहने वाला है। उसके बाद दोनों में पैसे का लेन-देन भी होने लगा।तभी से ही हेडकांस्टेबल गलत नजर रखने लगा था। इसकी शिकायत थाना प्रभारी से भी की गईं थी। मेरठ में स्थानांतरण होने के बाद हेडकांस्टेबल लगातार शारीरिक संबंध के लिए दबाव बना रहा था।आरोपित ईद के दिन मेरठ आया था। वह ईद की ड्यूटी पर तैनात थी। चंद्रकांत ने उसे अपने साथ चलने के लिए मजबूर किया। उसके विरोध करने पर मोबाइल छीनकर तोड़ दिया। उसके बाद घर के नंबर पर मोबाइल वापस करने के लिए कंकरखेड़ा बुलाया।एरा गेट पर कार में खींच कर दुष्कर्म का प्रयास किया। शोर मचाने पर स्कूटी की चाबी भी छीन कर ले गए। उसने घटना की जानकारी पति को दी। बुधवार को वह पति के साथ एसएसपी आफिस पर पहुंची और हेडकांस्टेबल की हरकतों के बारे में बताते हुए शिकायत दी। पीड़िता ने बताया कि जब वह नोएडा में थी तो आरोपित भी उसी थाने में तैनात था। वह दो बच्चों का पिता है और उससे एकतरफा प्यार करता है।नोएडा से ड्यूटी छोड़कर यहां आता है और उसे परेशान करता है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी क्राइम अवनीश कुमार ने सीओ कैंट नवीना शुक्ला को जांच के आदेश दिए। सीओ के सामने पीड़िता ने पति के साथ सीओ के सामने बयान दर्ज कराए। बयान में में भी महिला सिपाही ने हेडकांस्टेबल पर दुष्कर्म के प्रयास का आरोप लगाया है। आरोपित हेडकांस्टेबल को भी अपना पक्ष रखने के लिए नोटिस जारी कर दिया है।
Source: Dainik Jagran March 26, 2026 16:00 UTC