बांदा। लगभग चार माह पहले कालिंजर स्थित सर्राफा दुकान से जेवरात चोरी की घटना का खुलासा करते हुए कालिंजर थाना और एसओजी की संयुक्त पुलिस टीम ने ईरानी गैंग के सक्रिय सदस्य को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए अभियुक्त की निशानदेही पर पुलिस ने लगभग 9 लाख रुपए के चोरी के जेवरात बरामद किए।पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के निर्देश पर जनपद में अपराध व अपराधियों पर नियंत्रण लगाने तथा वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है। चार माह पहले पांच जनवरी को कालिंजर कस्बा निवासी सर्राफा व्यापारी ब्रजनंदन ने थाने में सूचना दी कि उसकी सर्राफा की दुकान पर कुछ अज्ञात व्यक्ति आए और जेवरात दिखाने को कहा। इसी बीच दुकान आए लोगों ने उसे बातों में उलझाकर काउंटर पर रखे सोने के जेवरात से भरा डिब्बा चोरी कर ले गए। पुलिस ने व्यापारी की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज करने के बाद टप्पेबाजों की गिरफ्तारी के लिए टीमों का गठन किया। वैज्ञानिक व सीसीटीवी कैमरों के फुटेज के माध्यम से पुलिस ने अभियुक्तों की पहचान की। कालिंजर थाना और एसओजी की संयुक्त पुलिस टीम मे घटना में शामिल रहे शहडोल (मध्य प्रदेश) जिले के बुरहार निवासी खानू हुसैन पुत्र फरजंद को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपी ने बताया कि जुबेर अहमद, तकवीर खान एवं सरताज अली उर्फ तरू के साथ मिलकर संगठित गिरोह के रूप में विभिन्न जनपदों में ज्वैलर्स की दुकानों को निशाना बनाते हैं। चार माह पहले ही कालिंजर में सर्राफा दुकान पर टप्पेबाजी कर जेवरात चोरी किए थे। गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर कस्बा स्थित पर्यटक ढाबा के आगे दुर्गा माता मंदिर के पीछे जमीन को खुदवा कर पुलिस ने सर्राफा दुकान से उड़ाए गए लगभग 9 लाख रुपये के जेवरात बरामद किए।
Source: Dainik Bhaskar April 08, 2026 18:39 UTC