भारत में शादी नहीं करना चाहती थीं प्रियंका चोपड़ा, इस शख़्स की ज़िद के आगे झुकना पड़ा! मुंबई। प्रियंका चोपड़ा और निक जोनस की इंडियन वेडिंग काफ़ी सुर्ख़ियों में रही थी। जोधपुर के उम्मेद भवन पैलेस में कई दिन तक शादी के कार्यक्रम चले थे। अब इस शादी को लेकर प्रियंका ने ऐसा खुलासा किया है कि आप भी जानकर उछल पड़ेंगे।दरअसल प्रियंका अपनी शादी भारत में नहीं करना चाहती थीं। रणवीर सिंह-दीपिका पादुकोण और अनुष्का शर्मा-विराट कोहली की तरह प्रियंका चोपड़ा भी किसी निर्जन आयलैंड पर डेस्टिनेशन वेडिंग करने ख़्वाहिशमंद थीं, मगर एक शख़्स की ज़िद के आगे उन्हें झुकना पड़ा और शादी के लिए जोधपुर को चुनना पड़ा।प्रियंका चोपड़ा की हॉलीवुड फ़िल्म 'इज़ इंट इट रोमांटिक' 13 फरवरी को रिलीज़ हो रही है। फ़िल्म अमेरिका, कनाडा और लंदन समेत कुछ ही देशों में रिलीज़ होगी, मगर भारत में इसे सिनेमाघरों में नहीं उतारा जाएगा। अलबत्ता यहां के दर्शक 'इज़ इंट इट रोमांटिक' को नेटफ्लिक्स पर 28 फरवरी से देख सकेंगे। प्रियंका अमेरिका में इन दिनों अपनी फ़िल्म के प्रचार में जुटी हुई हैं। इसी क्रम में वो मशहूर सेलेब्रिटी चैट शो 'टुनाइट विद जिम्मी फैलन' की मेहमान बनीं और यहां अपनी शादी से जुड़े तमाम दिलचस्प क़िस्से साझा किये।प्रियंका ने इस राज़ का ख़ुलासा किया कि उनकी इच्छा थी, वो किसी प्राइवेट आइलैंड पर शादी करें, जहां दूर-दूर तक कोई ना हो। सैशेल्स, मालदीव्स कई जगहों के बारे में विचार किया गया था, मगर मुंबई से लोगों और चीज़ों को ले जाना मुश्किल हो रहा था। कुछ समझ नहीं आ रहा था, तभी निक ने कहा, 'हम भारत में शादी क्यों नहीं कर रहे? मैं अपनी दुल्हन को लेने जाना चाहता हूं।' ज़ाहिर है कि निक की सलाह पर ही प्रियंका ने भारत में शादी की।शो में प्रियंका ने इस बात का खुलासा किया कि उन्होंने अपने सरनेम में 'जोनस' क्यों जोड़ा है। प्रियंका ने बताया कि वो हमेशा जोनस सरनेम अपने नाम में लगाना चाहती थीं, क्योंकि वो थोड़ा पुराने विचारों की हैं, मगर अपनी पहचान भी नहीं खोना चाहती थीं, इसलिए 'चोपड़ा' को भी रखा। प्रियंका ने अपने सेलेब्रिटी निक नेम पर भी जमकर मस्ती की, जो उन्होंने ख़ुद जिम्मी के शो में ही बताया था। प्रियंका और निक को मिलाकर PRICK बनाया था। प्रियंका ने मज़ाक में कहा कि कोई उनका यह नाम नहीं लेता, इसलिए वो अपसेट हैं।प्रियंका ने 2 और 3 दिसम्बर को उम्मेद भवन पैलेस में धूमधाम से शादी की थी। फेयरी टेल वेडिंग की तरह शादी से पहले कई मज़ेदार समारोह हुए, जिनमें संगीत सेरेमनी और मेहंदी सेरेमनी की ख़ूब चर्चा रही। संगीत समारोह की तस्वीरें वायरल हुई थीं, जिनमें उनके ससुराल वालों ने धमाकेदार परफॉर्मेंस दी थी। प्रियंका ने इस बारे में बताया कि उनके परिवार वाले सब लोग डांस करना जानते हैं, मगर उनका ससुराल पक्ष वाकई में हुनरमंद है।अगर प्रियंका चोपड़ा के बॉलीवुड करियर की बात करें तो वो 'स्काय इज़ पिंक' में नज़र आएंगी, जिसे शोनाली बोस डायरेक्ट कर रही हैं। इस फ़िल्म में फ़रहान अख़्तर और ज़ायरा वसीम उनके साथ हैं। अगर प्रियंका ठुकराती नहीं, तो उनकी बॉलीवुड वापसी सलमान ख़ान के साथ ईद पर 'भारत' से होती। प्रियंका के 'भारत' छोड़ने के बाद कटरीना कैफ़ ने उनकी जगह ली।Posted By: Manoj Vashisth
Source: Dainik Jagran February 07, 2019 05:48 UTC