नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। राजधानी के हाई सिक्योरिटी क्षेत्र 74 बंगले स्थित प्रदेश के खेल एवं सहकारिता मंत्री विश्वास सारंग के सरकारी आवास में ताला तोड़कर चोरों ने बेखौफ घुसकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। यह घटना दो और तीन अप्रैल की दरमियानी रात की बताई जा रही है।जानकारी के अनुसार चोर आवासीय परिसर बने स्टोर रूम का ताला तोड़कर अंदर घुसे और वहां रखी ट्राफियां, शील्ड व मोमेंटो पार कर दिए। ये सभी सम्मान मंत्री को विभिन्न कार्यक्रमों में प्राप्त हुए थे। खास बात यह है कि जिस जगह चोरी हुई, वहां सीसीटीवी कैमरे तक नहीं लगे थे, जिससे आरोपितों की पहचान करना पुलिस के लिए चुनौती बन गया है। टीटीनगर थाना प्रभारी गौरव सिंह दोहर ने बताया कि तीन अप्रैल की सुबह ड्यूटी पर तैनात सिक्योरिटी गार्ड ने स्टोर रूम का टूटा ताला देखा।दो अप्रैल की रात को सुरक्षाकर्मी ने ताला लगाया था, जिससे घटना दो-तीन अप्रैल की बीच होना प्रतीत हो रही है। स्टोर रूम में मंत्री को विभिन्न कार्यक्रमों में मिले सम्मान, शाल और ट्राफियां रखी थीं। स्टोर रूम में कोई सीसीटीवी कैमरा नहीं लगा है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। घटना के दौरान बंगले में ही मौजूद थे मंत्री सारंगघटना के दौरान मंत्री विश्वास सारंग अपने सरकारी आवास में ही मौजूद थे। उनके स्टाफ ने बताया कि दो अप्रैल की रात मंत्री सारंग अपने बंगले में थे। सुबह जब सुरक्षाकर्मी ने देखा तो अधिकारियों को सूचना दी। जिसके बाद निज सहायक वरुण सक्सेना ने चोरी के मामले की शिकायत की।
Source: Dainik Jagran April 06, 2026 13:41 UTC