नीले ड्रम वाली मुस्कान-साहिल मनाली के होटल में पति-पत्नी बनकर रुके थे। सौरभ हत्याकांड में आज होटल मैनेजर ने कोर्ट में गवाही दी है। इस दौरान वे घूमने भी गए थे और उनके चेहरे देखकर ऐसा नहीं लग रहा था कि कोई क्राइम या हत्या करके आए हो।UP News: यूपी में मेरठ के नीला ड्रम केस यानी सौरभ हत्याकांड में गुरुवार को जिला जज कोर्ट में मनाली के होटल कंचनीकूट के मैनेजर खेमचंद की गवाही हुई। मैनेजर ने कोर्ट को बताया कि साहिल और मुस्कान ने खुद को पति-पत्नी बताकर कमरा किराये पर लिया था। इस दौरान वे घूमने भी गए थे और उनके चेहरे देखकर ऐसा नहीं लग रहा था कि कोई क्राइम या हत्या करके आए हो। इस मामले में 1 अप्रैल 2026 को कोर्ट में अगली गवाही होगी।मेरठ के ब्रह्मपुरी में तीन मार्च 2025 की रात मुस्कान ने प्रेमी साहिल के साथ मिलकर पति सौरभ की हत्या कर दी थी। लाश के टुकड़े किए और नीले ड्रम में डालकर सीमेंट से जमा दिया था। चार मार्च को दोनों ने मेरठ से हिमाचल जाने के लिए कैब बुक की थी और 13 दिन तक वहां घूमते रहे। 17 मार्च की रात दोनों वापस मेरठ पहुंचे और 18 मार्च को हत्याकांड का खुलासा होने पर पुलिस ने साहिल और मुस्कान को गिरफ्तार कर लिया था। 19 मार्च 2025 से आज तक साहिल और मुस्कान मेरठ जेल में ही बंद है।मनाली के होटल मैनेजर की हुई गवाही साहिल और मुस्कान ने मनाली के होटल कंचनीकूट में कमरा लिया था। गुरुवार को कंचनीकूट होटल के मैनेजर खेमचंद को गवाही के लिए मेरठ जिला जज कोर्ट में बुलाया गया। खेमचंद कंचनीकुट के नाम से होटल चलाता है। खेमचंद पुत्र उत्तमचंद ने बताया कि मुस्कान-साहिल उसके होटल में आकर रुके थे। दोनों ने खुद को पति-पत्नी बताकर होटल में कमरा बुक किया था और आधार कार्ड की कॉपी भी जमा कराई थी। खेमचंद अपने साथ एंट्री रजिस्टर भी लेकर आए थे। साथ ही वीडियो फुटेज भी दी, जिसमें साहिल और मुस्कान की होटल में एंट्री के साक्ष्य हैं।19 गवाह की गवाही हो चुकी पूरी सौरभ हत्याकांड में अभी तक 19 गवाहों की गवाही पूरी हो चुकी है। अब 20वीं अंतिम गवाही एक अप्रैल को होगी। सौरभ पक्ष के अधिवक्ता विजय बहादुर सिंह ने बताया कि मनाली के होटल मैनेजर खेमचंद की गवाही गुरुवार को कोर्ट में पूरी हो चुकी है। खेमचंद ने बताया कि मुस्कान-साहिल हमारे होटल में आए थे। केस में अब कसौल के होटल मैनेजर को गवाही के लिए बुलाया गया है।मैनेजर बोला, देखकर नहीं लग रहा था कि हत्या करके आए हैं कोर्ट में बयान दर्ज कराने और पूछताछ के दौरान खेमचंद ने बताया कि उन्हें साहिल और मुस्कान दोनों का व्यवहार और हाव-भाव सामान्य ही लग रहा था। ऐसा नहीं लगा कि दोनों घबराए हुए हो या कोई क्राइम करके आए हो। ऐसा कहीं से भी नहीं लगा कि कोई हत्या इन लोगों ने की हो। बताया कि ये दोनों लगातार घूमने फिरने जाते थे।
Source: NDTV March 26, 2026 17:03 UTC