नई दिल्ली : पश्चिम एशिया (मिडल ईस्ट) में जारी युद्ध और तनाव का असर अब भारतीय उपभोक्ताओं की जेब पर सीधा पड़ना शुरू हो गया है। कच्चे तेल और प्राकृतिक गैस की वैश्विक आपूर्ति प्रभावित होने के चलते पेट्रोलियम कंपनियों ने कीमतों में इजाफा करना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में टॉरेंट गैस (Torrent Gas) ने देश के कई राज्यों में सीएनजी (CNG) की कीमतों में भारी बढ़ोतरी की घोषणा की है।उत्तर प्रदेश से लेकर राजस्थान तक: कहां कितनी बढ़ी कीमत? टॉरेंट गैस द्वारा जारी की गई नई दरों के अनुसार, सीएनजी की कीमतों में 2.50 रुपये प्रति किलोग्राम तक की बढ़ोतरी देखी गई है।उत्तर प्रदेश: यहां सीएनजी के दाम 93.50 रुपये से बढ़कर अब 96.25 रुपये प्रति किलोग्राम हो गए हैं।राजस्थान (जयपुर): जयपुर और आसपास के इलाकों में 2.50 रुपये की बढ़ोतरी के साथ भाव 95.50 रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंच गए हैं।पंजाब: पंजाब में अब उपभोक्ताओं को एक किलो सीएनजी के लिए 94.25 रुपये चुकाने होंगे।तेलंगाना: यहां कीमतें शतक के करीब पहुंच गई हैं। टॉरेंट के स्टेशनों पर अब दर 99 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई है।गुजरात: राहत की बात यह है कि गुजरात में अभी भी कीमतें तुलनात्मक रूप से कम यानी 85.17 रुपये प्रति किलोग्राम हैं।महाराष्ट्र और तमिलनाडु: महाराष्ट्र में भाव 94.50 रुपये और तमिलनाडु में 94 रुपये प्रति किलोग्राम तय किए गए हैं।सिर्फ सीएनजी ही नहीं, एलपीजी भी दे रही है झटकागैस की कीमतों में यह उछाल केवल वाहनों तक सीमित नहीं है। व्यावसायिक इस्तेमाल (होटल, ढाबा, रेस्टोरेंट) में आने वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दाम में भी इसी महीने 218 रुपये की भारी बढ़ोतरी की गई है। पिछले चार महीनों में कमर्शियल सिलेंडर की कीमतों में यह पांचवीं वृद्धि है। वहीं, घरेलू रसोई गैस (14.2 किलो) के दाम में आखिरी बार 7 मार्च 2026 को 60 रुपये की बढ़ोतरी दर्ज की गई थी।क्यों बढ़ रहे हैं दाम? विशेषज्ञों का मानना है कि पश्चिम एशिया में जारी सैन्य संघर्ष (विशेषकर होर्मुज जलडमरूमध्य में तनाव) के कारण अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गैस की ‘स्पॉट कीमतें’ बढ़ गई हैं। सरकारी और निजी ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने पहले ही प्रीमियम पेट्रोल, इंडस्ट्रियल डीजल और एटीएफ (जेट फ्यूल) के दाम बढ़ा दिए थे, जिसका अनुसरण अब सीएनजी कंपनियां भी कर रही हैं।
Source: Dainik Bhaskar April 05, 2026 19:42 UTC