मैनपुरी। जनपद के किशनी थाना क्षेत्र की कुसमरा चौकी इलाके में स्वाट और सर्विलांस टीम ने जुआ-सट्टे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस ने एक मकान में खुलेआम चल रहे सट्टे के अड्डे पर छापा मारकर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।बताया जा रहा है कि आरोपी अपने ही घर में सट्टे का पूरा नेटवर्क संचालित कर रहा था। घर के अंदर बड़े बोर्ड पर ‘श्री गणेश’, ‘दिल्ली बाजार’, ‘फरीदाबाद’, ‘गाजियाबाद’, ‘गली चोर’ और ‘दिसावर’ जैसे नाम लिखकर अलग-अलग समय पर सट्टे के नंबर खोले जाते थे। आरोपी मार्कर से नंबर अपडेट कर सट्टा खेलने वालों को रिजल्ट की जानकारी देता था।पुलिस ने मौके से सट्टे का बोर्ड और काउंटर में रखी नकदी बरामद की है। आरोपी को हिरासत में लेकर कुसमरा चौकी लाया गया, जहां उससे पूछताछ जारी है। पुलिस इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश में जुट गई है। इस ताबड़तोड़ कार्रवाई के बाद इलाके में सक्रिय सटोरियों में हड़कंप मच गया है। पुलिस का कहना है कि जुआ और सट्टे के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और ऐसे अवैध धंधों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Source: Dainik Bhaskar April 03, 2026 11:32 UTC