नेशनल डेस्क। दिल्ली. प्रधानमंत्री ने गुरुवार को लोकसभा में संबोधित किया। आम चुनाव से पहले मौजूदा लोकसभा के इस अंतिम सत्र में उनका यह संभवत: आखिरी संबोधन था। राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव का जवाब देते हुए प्रधानमंत्री ने कांग्रेस अध्यक्ष समेत विपक्ष के नेताओं पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, ‘‘उल्टा चोर चौकीदार को डांटे? हो क्या गया है आप लोगों को? मोदी और भाजपा की आलोचना करते-करते देश की बुराई करना गलत है।’’मोदी ने कहा- उल्टा चोर चौकीदार को डांटे? मोदी ने कहा, ‘‘आपने कहा कि मोदी संस्थाओं को खत्म कर रहा है, बर्बाद कर रहा है। हमारे यहां कहावत है। उल्टा चोर चौकीदार को डांटे। मुझे लगता है कि इस पर विचार करने की आवश्यकता है। आपातकाल देश में कांग्रेस ने थोपा, लेकिन कहते हैं मोदी बर्बाद कर रहा है। सेना को अपमानित किया। सेनाध्यक्ष को गुंडा कहा और कहते हैं कि मोदी इंस्टीट्यूट बर्बाद कर रहा है। तख्तापलट की कहानियां गढ़ी जाती हैं। सेना की इज्जत पर इतना बड़ा बट्टा लगाया। ये जो आपने पाप किया है, भारत की सेना के सीने पर घाव लग रहा है। आज तक किसी ने ऐसा पाप नहीं किया केवल राजनीति के लिए। यह बुरा किया।’’मोदी ने कहा- कांग्रेस मुक्त भारत मेरा नहीं गांधीजी का विचारप्रधानमंत्री ने कहा, ''55 साल के सत्ताभोग ने कुछ लोगों की आदत खराब कर दी है कि वे खुद को शहंशाह मानते हैं और दूसरों को निकृष्ट मानते हैं। हर किसी का अपमान करना उनके स्वभाव में है। मुख्य न्यायाधीश को विवाद में खींचना, न्यायतंत्र, रिजर्वबैंक, सेनाध्यक्ष, चुनाव आयोग, देश की सबसे बड़ी जांच एजेंसी, लोकतंत्र का अपमान करना सत्ताभोग के कारण आपके अंदर आई हुई विकृति है। गांधीजी पहले ही समझ गए थे कि बीमारियों की रिसीविंग कैपेसिटी कांग्रेस की है। उन्होंने इसीलिए कांग्रेस को बिखेरने की बात कही। कांग्रेस मुक्त भारत मेरा नहीं, गांधीजी का विचार है। गांधीजी की बात को मैं पूरा करके ही रहूंगा। आप बच नहीं सकते।''महागठबंधन के लिए कहा- अब तो महा-मिलावट आने वाली हैमोदी ने कहा, ‘‘2014 में 30 साल के बाद देश की जनता ने पूर्ण बहुमत वाली सरकार चुनी। देश अनुभव करता है कि जब मिलावटी सरकार होती है तो क्या हाल होता है। अब तो महा-मिलावट आने वाली है। महा-मिलावट आप कलकत्ते में इकट्ठा करो, लेकिन में आप एक-दूसरे का मुंह नहीं देख पाते। उत्तर प्रदेश में तो आपको बाहर कर दिया गया है। हमारी अच्छी और अकल्पनीय सरकार के चलते यह महा-मिलावट (महागठबंधन) हुई है। देश ने 30 साल देखा है। जो हेल्थ कॉन्शियस सोसायटी महा-मिलावट से दूर रहती है, हेल्दी डेमोक्रेसी वाले भी महा-मिलावट से दूर रहेंगे।’’
Source: Dainik Bhaskar February 07, 2019 13:41 UTC