संस, तेनुघाट (बेरमो) : दस जुलाई को होने वाले राष्ट्रीय लोक अदालत की सफलता को लेकर शुक्रवार को तेनुघाट व्यवहार न्यायालय के जिला जज प्रथम राजीव रंजन की अध्यक्षता में बैठक हुई। जिला जज ने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत में बिजली विभाग, वन विभाग, उत्पाद विभाग, एनआइ एक्ट, मोटरयान दुर्घटना, बैंक विभाग, जमीन संबंधित मामले, समझौता के आधार पर छोटे-मोटे फौजदारी मामले का निष्पादन किया जाएगा। इसके लिए मुकदमा से संबंधित दोनों पक्षों को न्यायालय द्वारा नोटिस भेजा जा रहा है। सभी थाना प्रभारी उस नोटिस का दोनों पक्षों को तामिला करा उन्हें न्यायालय आने के लिए प्रेरित करें ताकि वह अपने-अपने मामलों का निष्पादन करा सके। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सतीश चंद्र झा ने भी आश्वासन दिया कि सभी थाना प्रभारी पूरी तरह से सहयोग करेंगे। अनुमंडल विधिक सेवा प्राधिकार समिति के सचिव सह एसडीजेएम संजीत कुमार चंद्र ने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत हाइब्रिड मोड में होगी। बैठक में जिला जज द्वितीय गुलाम हैदर, जिला जज तृतीय राजेश कुमार सिन्हा, जिला जज चतुर्थ विशाल कुमार, एसीजेएम विशाल गौरव, प्रथम श्रेणी न्यायिक दंडाधिकारी दीपक कुमार साहू सहित अनुमंडल के सभी पुलिस इंस्पेक्टर एवं थाना प्रभारी मौजूद थे।शॉर्ट मे जानें सभी बड़ी खबरें और पायें ई-पेपर,ऑडियो न्यूज़,और अन्य सर्विस, डाउनलोड जागरण ऐप
Source: Dainik Jagran July 02, 2021 13:07 UTC