जागरण संवादददाता, वाराणसी। पूर्वांचल सहित वाराणसी में मौसम का रुख जगातार तल्खी की ओर हो चला है। वातावरण में न्यूनतम पारा पहली बार इस सीजन में बीस डिग्री को छुआ है। इस लिहाज से सीजन में न्यूनतम तापमान भी अब चढ़ाव की ओर हो चला है, ऐसे में माना जा रहा है कि अब जल्द ही गर्मी पूरे तेवर में नजर आ सकती है। अधिकतम पारा तीस डिग्री को पखवारे भर से पार कर चुका है। लिहाजा वातावरण में गर्मी का असर अब दिन प्रतिदिन प्रभावी होता जाएगा। इस लिहाज से माना जा रहा है कि दिन में धूप का असर लोगों को झुलसाने को आतुर हो चुका है।सोमवार को वातावरण में नमी का असर कम रहा और हल्की बदरोह की स्थिति से सूरज का ताप कुछ देर से प्रभावी हुआ। वातावरण में सुबह ठंडक का असर रहा और घरों में पंखे भी धीमी गति से चले। हालांकि सुबह नौ बजे के बाद सूरज का ताप कुछ प्रभाव वाला हुआ तो धूप से भी लोग दोपहर तक बचते नजर आए। हालांकि मौसम का रुख अब ठंडक की ओर नहीं रहेगा, दिन चढ़ने के साथ ही वातावरण में गर्मी का असर प्रभावी होगा। मौसम विभाग की ओर से जारी सैटेलाइट तस्वीरों में पहाड़ों पर पश्चिमी विक्षोभ सरीखा असर नजर आ रहा है। पछुआ का जोर होने पर ही इसका असर पूर्वांचल पर नजर आएगा।
Source: Dainik Jagran March 09, 2026 14:37 UTC