मुजफ्फरपुर | बाइकर्स गैंग ने गुरुवार को शहर से लेकर गांव तक तांडव मचाया। कलमबाग चौक पर छात्र का मोबाइल छीन लिया तो अहियापुर के दादर में हथियार के बल पर दो लोगों से लूटपाट की। कांटी के नरसंडा ओवरब्रिज के पास लगातार दूसरे दिन भी लूटपाट हुई। विरोध करने पर अपराधियों ने चाकू से वार किया और गोलीबारी की। औराई के बेदौल ओपी के समीप महिला का पर्स झपट लिया। मनियारी में आधार ऑपरेटर व बिजली कर्मी को लूट लिया।मुजफ्फरपुर | अहियापुर थाना के दादर पुल के पास बाइक सवार अपराधियों ने सेल्स एक्जीक्यूटिव समेत एक अन्य लोगों से हथियार के बल पर लूटपाट की। मोबाइल, लैपटाप, पर्स व कुछ रुपए छीनकर फरार हो गए। मामले को लेकर कटिहार जिले के कुर्सेला गांव के रंजीत कुमार ने थाने में शिकायत की है। रंजीत ने पुलिस को बताया है कि वह एशियन पेंट में कार्यरत हैं। काम कर आयाचीग्राम स्थित डेरा जा रहा था। दादर पुल के पास दो बाइक सवार 7-8 अपराधियों ने उसकी बाइक घेर ली। बाइक की चाबी छीनने के दौरान नोकझोंक भी की। इसके कुछ ही देर बाद बाजार समिति से लक्ष्मी चौक जा रहे ललन महतो की बाइक, 6-7 हजार रुपए व मोबाइल छीन ली। बाइक पुरानी हाेने के कारण घटनास्थल पर ही छोड़ दिया। ललन फल व्यवसायी के यहां काम करते हैं।कांटी | नरसंडा ओवरब्रिज के पास बाइकर्स गैंग ने शहर से अपने घर मोतीपुर लौट रहे आलोक कुमार की गाड़ी रोक कर लूटपाट शुरू कर दी। मना करने पर आलोक कुमार के हाथ पर चाकू मारकर घायल कर दिया और मोबाइल, पर्स सहित 5000 नकदी लूट कर फरार हो गए। थोड़ी दूर पर नरसंडा निवासी मोहम्मद शमीम की बाइक लूटने की प्रयास किया गया। अपराधियों ने पिस्टल से फायरिंग भी की, मगर वह भागने में सफल रहा। वहीं सदातपुर मोड़ के समीप मधुबन निवासी संवेदक संतु राम और मनीष कुमार से 10 हजार नकदी और मोबाइल लूट की गई है। दादर के समीप एक अन्य शख्स का बाइक लूटने की भी सूचना प्राप्त हुई है।मुजफ्फरपुर | काजी मोहम्मदपुर इलाके में गुरुवार को बाइक सवार बदमाश एक छात्र का मोबाइल छीन कर फरार हो गए। नया टोला निवासी किसलय कलश ने इस बाबत काजी मोहम्मदपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज करने के लिए आवेदन दिया है।बेदौल ओपी के समीप ससौली गांव निवासी रजिया खातून का पर्स बाइकर्स गैंग ने झपट लिया। पीड़िता ने थाने में आवेदन देकर बताया कि पर्स में करीब चार हजार नकदी, एटीएम कार्ड, पैन कार्ड, दो भर सोना व 10 भर चांदी के जेवर थे।मनियारी | मनियारी थाना क्षेत्र में महज तीन घंटों में दो अलग-अलग जगहों पर लुटेरों ने लूटपाट की। एक लुुुटेेरे को ग्रामीणों ने पकड़ लिया और धुनाई कर दी। महंथ मनियारी स्थित दुकान से घर सिलौत गजपत्ती लौटने के दौरान आधार ऑपरेटर मो. दिलशाद से मोबाइल, पैसा व अन्य सामान लूट लिए। शोर मचाने पर बाइक सवार एक अपराधी संतुलन बिगड़ने पर गिर गया और पकड़ा गया। आरोपी की पहचान मुुुशहरी के दरधा महमदपुर निवासी दीपक कुमार के रूप में हुई। इस घटना के दो घंटे बाद एनएच-28 स्थित मनियारी थाना से महज 500 गज की दूरी स्थित भुजुंगी चौक के समीप पिस्तौल के बल पर बाइक लूट ली गई। पीड़ित ब्रह्मपुरा थाना क्षेत्र के धीरज कुमार ने मनियारी थाना में शिकायत की है। बताया कि वह बिजली विभाग में कार्यरत है।
Source: Dainik Bhaskar February 07, 2019 22:41 UTC