छत्तीसगढ़ के बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के लिए यात्री बसों की विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। राष्ट्रीय राजमार्ग-343 पर की गई इस कार्रवाई में परिवहन विभाग और यातायात पुलिस की संयुक्त टीम ने कुल 23 बसों की जांच की, जिनमें 12 वाहनों पर चालानी कार्रवाई की गई।इस अभियान के दौरान कुल 9600 रुपए का जुर्माना वसूला गया। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा को लेकर किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगीजांच के दौरान एक बस पर परमिट शर्तों के उल्लंघन का मामला सामने आया, जिस पर मोटर वाहन अधिनियम की धारा 66/192 के तहत 5000 रुपए का जुर्माना लगाया गया। इसके अलावा अन्य 11 बसों पर विभिन्न यातायात नियमों के उल्लंघन के चलते 4600 रुपए का समन शुल्क वसूला गया।अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई नियमित निगरानी और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से की गई है।इस अभियान के दौरान परिवहन अधिकारियों ने बस चालकों और परिचालकों को नियमों का पालन करने की सख्त हिदायत दी। उन्हें सभी वैध दस्तावेज रखने, निर्धारित यूनिफॉर्म पहनने, वैध ड्राइविंग लाइसेंस रखने और शराब पीकर वाहन न चलाने की सख्त चेतावनी दी गई।साथ ही यात्रियों की सुरक्षा के लिए सीट बेल्ट के उपयोग और निर्धारित किराया लेने के निर्देश भी दिए गए।अधिकारियों के अनुसार, इस चेकिंग अभियान का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं को कम करना और सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को अधिक सुरक्षित बनाना है। इसके तहत बसों की समय-सारणी, ओवरलोडिंग और अन्य अनियमितताओं पर भी निगरानी रखी जा रही है।प्रशासन ने कहा कि आने वाले दिनों में इस तरह की चेकिंग और सख्त की जाएगी, ताकि नियमों का पालन सुनिश्चित किया जा सके।पुलिस और परिवहन विभाग ने संकेत दिए हैं कि यह कार्रवाई एक नियमित प्रक्रिया का हिस्सा है और आगे भी NH-343 सहित अन्य प्रमुख मार्गों पर जांच अभियान जारी रहेगा। अधिकारियों ने बस ऑपरेटरों को चेतावनी दी है कि नियमों का पालन न करने पर और कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
Source: Dainik Jagran April 11, 2026 19:00 UTC