हरदोई चुंगी पर भारी फोर्स के बीच चला प्रशासन का डंडाअधिकारियों की फौज देख थमे अतिक्रमणकारियों के कदमसीतापुर। शहर के हरदोई चुंगी पर सुबह की पहली किरण के साथ ही वो मंजर देखने को मिला जिसकी किसी को उम्मीद नहीं थी। अमूमन जब शहर सो रहा होता है, तब प्रशासन ने आंखें खोल ली थीं। सुबह ठीक 5:00 बजते ही भारी-भरकम मशीनों के गरजने की आवाज ने सन्नाटे को चीर दिया और शुरू हो गया प्रशासन का अतिक्रमण हटाओ महा-अभियान।अभियान की शुरुआत बेहद हैरान करने वाली रही, जब सबसे पहले हरदोई चुंगी पर स्थित पुलिस चौकी को ही मलबे में तब्दील कर दिया गया। अपनी ही चौकी पर हथौड़ा चलाकर प्रशासन ने यह साफ संदेश दे दिया कि नियम सबके लिए बराबर हैं और इस बार कोई भी रियायत नहीं मिलने वाली है।इस औचक और सख्त कार्रवाई को अंजाम देने के लिए मौके पर अमला भी छोटा-मोटा नहीं था। जिले के आला अधिकारियों ने खुद मोर्चा संभाल रखा था। एडीएम, सिटी मजिस्ट्रेट, एसडीएम, तहसीलदार और नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी (ईओ) वैभव त्रिपाठी सहित अधिकारियों का एक बड़ा काफिला मौके पर डटा रहा।किसी भी विरोध या अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पीएसी (PAC) बल और कई थानों की पुलिस फोर्स ने इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया था। भारी संख्या में तैनात पुलिसकर्मियों के बूटों की धमक और अफसरों की मौजूदगी ने अतिक्रमणकारियों के हौसले पस्त कर दिए। सुबह-सुबह हुई इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।यह भी पढ़े : आज, 1 अप्रैल से बदल गया काफी कुछ! नया ‘आयकर अधिनियम’ लागू, PAN, फास्टैग और से लेकर रेलवे टिकट तक… जानिए क्या-क्या बदला
Source: Dainik Bhaskar April 01, 2026 15:59 UTC