अचला सप्तमी पर भास्कर सेवा संघ ने की सूर्योपासना छपरा, हमारे प्रतिनिधि। सूर्योपासना करने से रोग, शोक और दरिद्रता से मुक्ति मिलती है। सूर्य देव को आरोग्य और ऊर्जा का स्रोत माना गया है। अचला सप्तमी का व्रत विशेष रूप से नेत्र रोग, चर्म रोग व दीर्घायु के लिए फलदायी माना जाता है। उक्त बातें शहर के बटुकेश्वर नाथ मंदिर परिसर में आयोजित सूर्य सप्तामी व अचला सप्तमी के पावन अवसर पर पं धु्व कुमार मिश्र मुन्ना बाबा ने कही। उन्होंने कहा कि भास्कर सेवा संघ मंडल के तत्वावधान में भगवान सूर्य नारायण की विधिवत पूजा-अर्चना की गयी। फिर ध्वजारोहण व प्रसाद वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।यह पूजन समाज के सभी लोगों के आरोग्य, सुख-समृद्धि और मंगलकामना के उद्देश्य से संपन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार के साथ सूर्य देव को अर्घ्य अर्पित कर किया गया। भक्तों ने पुष्प अर्पण, हवन और सामूहिक प्रार्थना में भाग लिया। इस दौरान पूरे परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा। पूजा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु व भास्कर सेवा संघ से जुड़े गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से पंडित विंध्याचल पांडेय, पंडित सुधाकर मिश्र, शभुनाथ जी, रजनीश मिश्र, राजा मिश्र, ललन मिश्र, विनोद मिश्र ने अपने विचार रखे और सूर्योपासना की महत्ता बताई। धन्यवाद ज्ञापन पंडित अभय मोहन मिश्र ने किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में भास्कर सेवा संघ के सभी सदस्यों की सक्रिय भूमिका रही। --- मशरक में बंद मकान का ताला तोड़ लाखों रुपए के सामान ले उड़े चोर मशरक। मशरक थाना क्षेत्र अंतर्गत दुर्गौली गांव में कन्हैया पड़ित के बंद पड़े हुए मकान से मुख्य गेट का ताला तोड़ कन्हैया पंडित के लाखों रुपए के सामान की चोरी की गयी। पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि सत्येन्द्र सिंह ने बताया कि फिलहाल सपरिवार भोपाल में हैं। चोरी की जानकारी उन्हें रविवार की सुबह पड़ोसी ग्रामीणों से हुई । कन्हैया पड़ित के सम्बंधी विनय पड़ित ने बताया कि इस मकान से फ्रिज, वाशिंग मशीन, कूलर, गहने और होंडा शाइन मोटरसाइकिल के साथ-साथ बहुत सारे सामान चोरों के द्वारा चोरी कर की गयी है। पुलिस पड़ताल में लगी है।
Source: Dainik Bhaskar January 25, 2026 16:47 UTC