Bihar Politics : जन सुराज अभियान के तहत चल रहे बिहार नवनिर्माण कार्यक्रम के दौरान रविवार को नवादा में आयोजित कार्यकर्ता बैठक में पार्टी के मुखिया प्रशांत किशोर ने संगठन को मजबूत करने और राज्य के ज्वलंत मुद्दों पर जोरदार भाषण दिया। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद करते हुए उन्हें आगामी राजनीतिक लड़ाई के लिए तैयार रहने का आह्वान किया।बैठक को संबोधित करते हुए प्रशांत किशोर ने कहा कि बिहार में वास्तविक बदलाव केवल नीतियों से नहीं, बल्कि मजबूत जनसंगठन और जागरूक जनता से संभव है। उन्होंने कहा कि जन सुराज का उद्देश्य सिर्फ चुनाव लड़ना नहीं, बल्कि बिहार के हर गांव और हर परिवार तक विकास की सोच पहुंचाना है।रोजगार के मुद्दे पर उन्होंने राज्य सरकार को घेरते हुए कहा कि आज भी लाखों युवा रोजगार के लिए पलायन करने को मजबूर हैं। “जब तक बिहार में स्थानीय स्तर पर उद्योग और रोजगार के अवसर नहीं बनेंगे, तब तक विकास की बात अधूरी रहेगी,” उन्होंने कहा। उन्होंने प्रत्येक प्रखंड स्तर पर छोटे उद्योग स्थापित करने की जरूरत बताई।भ्रष्टाचार के सवाल पर भी उन्होंने तीखा हमला करते हुए कहा कि व्यवस्था में पारदर्शिता लाना जरूरी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे गांव-गांव जाकर लोगों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करें और भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाएं।महिलाओं से जुड़े मुद्दों पर बोलते हुए प्रशांत किशोर ने कहा कि सरकार द्वारा किए गए आर्थिक वादों को पूरी पारदर्शिता के साथ लागू किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर वादे पूरे नहीं होते हैं, तो जन आंदोलन खड़ा किया जाएगा।बैठक के अंत में उन्होंने कार्यकर्ताओं को संगठन विस्तार का मंत्र देते हुए कहा कि आने वाले समय में जन सुराज को एक मजबूत राजनीतिक विकल्प के रूप में स्थापित करना है। इसके लिए हर कार्यकर्ता को अपने क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभानी होगी। पार्टी के नवादा प्रत्याशी वरिष्ठ नेता शिक्षाविद डॉक्टर अनुज सिंह ने कहा कि संघर्ष से ही दल की मजबूती संभव है। जिसके लिए काम करना चाहिए।कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक उपस्थित रहे।यह भी पढ़े : चचेरी बहन को पेट्रोल डालकर जिंदा जलाया, अलीगढ़ में पारिवारिक विवाद में युवक ने उठाया खौफनाक कदम
Source: Dainik Bhaskar March 22, 2026 10:34 UTC