‘यूपी में प्रीपेड पीड़ित…’, बिजली के स्मार्ट मीटरों की समस्या पर बोले अखिलेश यादव - News Summed Up

‘यूपी में प्रीपेड पीड़ित…’, बिजली के स्मार्ट मीटरों की समस्या पर बोले अखिलेश यादव


अखिलेश यादव ने बिजली के प्रीपेड मीटर को लेकर प्रदेश सरकार पर जोरदार हमला बोला है। उत्तर प्रदेश में चुनावी साल से पहले सियासत तेज हो गई है और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने इस मुद्दे को लेकर सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार के कारण प्रदेश में पीड़ित लोगों की एक नई श्रेणी बन गई है, जिसे उन्होंने ‘प्रीपेड पीड़ित’ नाम दिया है।सपा प्रमुख ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि “बीजेपी सरकार के कहर की वजह से उप्र में पीड़ित लोगों की एक नई श्रेणी बन गई है, जिसका नाम है ‘प्रीपेड पीड़ित’.” उन्होंने कहा कि ‘प्रीपेड पीड़ित’ वे लोग हैं, जिन्होंने बिजली के प्रीपेड मीटर लगवाए हैं, लेकिन स्मार्ट मीटर की खामियों के कारण बिजली कट जाने पर अंधेरे और गर्मी की समस्या झेल रहे हैं।अखिलेश यादव ने आगे लिखा, “जब बिजली खाते में बिजली के इस्तेमाल करने से पहले ही पैसा जमा हो जाता है तो फिर सरकार और कंपनी जनता को क्यों परेशान कर रही है।” उन्होंने आरोप लगाया कि बिजली कंपनियों को पहले ही भुगतान मिल जाता है, इसके बावजूद आम जनता की समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया जा रहा। उनके अनुसार, जनता दर-दर भटकने को मजबूर है, लेकिन सरकार और कंपनियों के सामने उसकी कोई सुनवाई नहीं हो रही, क्योंकि दोनों पहले से ही मिलीभगत करके लाभ कमा रहे हैं।उन्होंने कहा कि बीजेपी शासन में अब जनता ‘उपभोक्ता’ नहीं रह गई है, बल्कि ‘उपभुगता’ बन गई है, क्योंकि उसे सरकार की नीतियों के दुष्परिणाम भुगतने पड़ रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि इसी वजह से पीडीए (पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक) की संख्या लगातार बढ़ रही है। उन्होंने दोहराया, “जो पीड़ित, वो पीडीए!” और कहा कि अब इस वर्ग में जुड़े ‘प्रीपेड पीड़ित’ यह कह रहे हैं कि चिंता न करें, बुरे दिन जाने वाले हैं और आने वाली सरकार सबको बिजली दिलवाएगी।


Source: Dainik Bhaskar April 05, 2026 15:56 UTC



Loading...
Loading...
  

Loading...

                           
/* -------------------------- overlay advertisemnt -------------------------- */