स्पेशल टास्क फोर्स उत्तर प्रदेश को बड़ी सफलता मिली है। 50 हजार रुपए के इनामी बदमाश और ह्यूमन ट्रैफिकिंग गैंग के सरगना शाहरुख उर्फ इमरान को हरदोई के अतरौली क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया। कार्रवाई गुरुवार रात संडीला-अतरौली रोड पर सटीक सूचना के आधार पर की गई। एसटीएफ आगरा यूनिट की टीम ने लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को दबोचा। पुलिस के अनुसार, आरोपी पर थाना अतरौली में पहले से गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज थे। पूछताछ में उसने बच्चों के अपहरण और मानव तस्करी से जुड़े गिरोह में सक्रिय भूमिका निभाने की बात कबूल की है। बताया जा रहा है कि गैंग के अन्य सदस्य पहले ही गिरफ्तार होकर जेल भेजे जा चुके हैं, जबकि शाहरुख लगातार ठिकाने बदलकर दिल्ली, गाजियाबाद और यूपी बॉर्डर क्षेत्रों में छिपकर रह रहा था। अरेस्टिंग के बाद स्थानीय पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। एसटीएफ अधिकारियों का कहना है कि इस गिरफ्तारी से मानव तस्करी के नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है और गिरोह से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
Source: Dainik Jagran April 11, 2026 01:29 UTC