Amravati News केवाईसी प्रकिया में गलत जवाब देना तथा आधार प्रमाणीकरण के अभाव में मुख्यमंत्री लाड़ली बहन योजना का लाभ बंद हुई जिले की हजारों पात्र लाभार्थी महिलाओं के लिए एक राहत भरी खबर आयी है। लाभ बंद हुई 'उन' हजारों बहनों को दुबारा मौका देकर आवेदन की खामियां सुधारने का अवसर दिया गया है। संबंधित पात्र महिलाओं से तुरंत अपनी संबंधित आंगनवाड़ी सेविका से संपर्क कर सुधार प्रक्रिया पूर्ण करने का अनुरोध जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी अतुल भडांगे ने किया है।महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने तथा उनके स्वास्थ्य और पोषण में सुधार के उद्देश्य से शुरू की गई ‘मुख्यमंत्री लाड़ली बहन’ योजना के क्रियान्वयन में कुछ तकनीकी समस्याएं सामने आई हैं। योजना की प्रक्रिया पूरी करते समय लाभार्थी महिलाओं द्वारा की गई तकनीकी गलतियों के कारण, 31 दिसंबर 2025 तक समय-सीमा बढ़ाए जाने के बावजूद कई आवेदन अब भी लंबित हैं।ई-केवाईसी या आधार प्रमाणीकरण के दौरान गलत विकल्प चुनने वाली पात्र महिलाओं का लाभ तकनीकी कारणों से अस्थायी रूप से रोक दिया गया है। आवेदन भरते समय या ई-केवाईसी करते समय अनजाने में गलत जानकारी दर्ज किए जाने के कारण अनेक पात्र महिलाएं इस योजना के लाभ से वंचित रह गई हैं। ऐसी महिलाओं की सूची अब प्रत्यक्ष सत्यापन के लिए बाल विकास परियोजना अधिकारी (शहरी एवं ग्रामीण) के पास भेजी गई है।
Source: Dainik Bhaskar January 30, 2026 12:21 UTC