Kudraha, Basti : लालगंज थाना क्षेत्र के गांव परसांव निवासी 28 वर्षीय जयराम पुत्र राजमन ने हरियाणा में सोमवार देर रात पंखे से लटककर आत्महत्या कर ली। मंगलवार सुबह घटना की जानकारी मिलते ही गांव में शोक और सनसनी का माहौल बन गया। मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 8 बजे जितुवापुर निवासी रामजीत ने जयराम के मोबाइल पर कई बार कॉल की, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। अनहोनी की आशंका होने पर उन्होंने कमरे की खिड़की से अंदर झांका, जहां जयराम पंखे से लटके दिखाई दिए।इसके बाद तत्काल डायल 112 पर सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी। बताया जाता है कि जयराम के पिता का करीब पांच वर्ष पहले निधन हो चुका था, जिसके बाद परिवार की पूरी जिम्मेदारी उन्हीं पर आ गई थी। परिवार के भरण-पोषण के लिए वह हरियाणा में रहकर काम कर रहे थे। जयराम चार बहनों में इकलौते भाई थे। दो बहनों की शादी हो चुकी है, जबकि एक बहन की शादी आगामी 19 जून को तय थी। इस दर्दनाक घटना से पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है।प्राथमिक तौर पर सामने आया है कि जयराम का एक युवती से प्रेम संबंध था और उस संबंध को लेकर उन पर आर्थिक दबाव बनाया जा रहा था। इसी तनाव के चलते उन्होंने यह आत्मघाती कदम उठाया। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है।
Source: Dainik Bhaskar March 25, 2026 19:27 UTC