06:53 AM 4 अप्रैल 2026कॉपी लिंकराहुल बोले- मुझे राजनीति में 20 साल हुए, समझ और अनुभव बढ़ाकांग्रेस सांसद राहुल गांधी आज केरल के अलाप्पुझा में हैं। उन्होंने कहा कि मैंने राजनीति में दो दशक से ज्यादा समय बिताया है। इससे मुझे कुछ अनुभव और समझ मिली है। एक बात जो मैंने देखी है और शायद आपने भी देखी होगी वह यह है कि जब कोई बहुत लंबे समय तक सत्ता में रहता है, तो क्या होता है।उन्होंने कहा कि चाहे वह कोई पंचायत अध्यक्ष हो, विधायक हो, मुख्यमंत्री हो या फिर प्रधानमंत्री ही क्यों न हो। लंबे समय तक सत्ता में रहने से गहरी भ्रांति पैदा हो सकती है। लोकतंत्र में नेता लोगों की वजह से ही सत्ता में आते हैं। वे समझते हैं कि सत्ता असल में लोगों की ही है और उन्हें तो बस इसकी जिम्मेदारी सौंपी गई है।राहुल ने कहा कि समय के साथ एक खतरनाक बदलाव आ सकता है। नेताओं को यह लगने लगता है कि सत्ता लोगों से नहीं, बल्कि खुद उन्हीं से आती है। जब कोई नेता यह मानता है कि सत्ता लोगों से आती है, तो वह विनम्र और सम्मानजनक बना रहता है। वह हर नागरिक को चाहे वह कोई व्यापारी हो, मछुआरा हो, या फिर कोई मजदूर एक साझीदार के तौर पर देखता है।उन्होंने कहा लेकिन जब उन्हें यह लगने लगता है कि सत्ता उन्हीं से आती है, तो उनमें अहंकार आ जाता है। उनके आस-पास के लोग भी इस भ्रम को और मजबूत करते हैं। धीरे-धीरे नेता और लोगों के बीच का जुड़ाव टूट जाता है। नेता लोगों की बात सुनना बंद कर देता है और लोगों को यह महसूस होने लगता है कि उन्हें नजरअंदाज किया जा रहा है। वे अलग-थलग पड़ गए हैं। केरल के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के साथ ठीक यही हुआ है।
Source: Dainik Bhaskar April 03, 2026 22:31 UTC