दानापुर में बिहार रेजिमेंट केंद्र और बिहार पुलिस के बीच आपसी समन्वय को मजबूत करने के उद्देश्य से एक मैत्रीपूर्ण क्रिकेट मैच का आयोजन किया गया। इस मुकाबले में बिहार रेजिमेंट केंद्र ने बिहार पुलिस को 21 रनों से हरा दिया।. यह आयोजन केवल खेल तक सीमित नहीं रहा, बल्कि सेना और पुलिस के बीच सहयोग, विश्वास और सौहार्द का प्रतीक बनकर उभरा। राष्ट्र की सुरक्षा में सेना सीमाओं पर और पुलिस आंतरिक शांति बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। ऐसे में 'सिविल-मिलिट्री समन्वय' को मजबूत करना आवश्यक है, और यह मैच इसी दिशा में एक सराहनीय पहल साबित हुआ।15-15 ओवर का यह मैच खेला गया। बिहार पुलिस ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए बिहार रेजिमेंट केंद्र की टीम ने निर्धारित ओवरों में 125 रन बनाए।जवाब में, 126 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए बिहार पुलिस की टीम 105 रनों पर ऑल आउट हो गई। इस प्रकार बिहार रेजिमेंट केंद्र ने 21 रनों से शानदार जीत दर्ज की।व्यक्तिगत प्रदर्शन में बिहार पुलिस के राजेश मिश्र को 'बेस्ट बल्लेबाज' और बिहार रेजिमेंट केंद्र के नायक धीरज को 'बेस्ट गेंदबाज' का पुरस्कार प्रदान किया गया। इस अवसर पर सागर कुमार झा (आईपीएस), एसपी ट्रैफिक पटना, और भानु प्रताप सिंह (आईपीएस), एसपी पटना वेस्ट को भी स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।इस मैत्रीपूर्ण मुकाबले के दौरान बिहार रेजिमेंट केंद्र और बिहार पुलिस टीम के खिलाड़ियों के अलावा कई वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम ने दोनों बलों के बीच आपसी समन्वय और सहयोग को नई दिशा देने का कार्य किया।
Source: Dainik Bhaskar April 05, 2026 16:24 UTC