अहमदाबाद, छह फरवरी (भाषा) त्वेसा मलिक ने दिन के एकमात्र अंडर पार स्कोर के साथ बुधवार को यहां महिला पेशेवर गोल्फ टूर के तीसरे चरण के दूसरे दौर के बाद आठ शाट की बड़ी बढ़त बना ली। त्वेसा ने चार बर्डी की लेकिन वह तीन बोगी भी कर गई जिससे उन्होंने एक अंडर 71 का स्कोर बनाया। पहले दौर में 72 का स्कोर बनाने वाली त्वेसा का कुल स्कोर एक अंडर 143 है। अमनदीप द्राल दूसरे दौर में 74 के स्कोर से कुल 151 के स्कोर के साथ दूसरे स्थान पर पहुंच गई हैं लेकिन वह त्वेसा से आठ शाट पीछे हैं। गौरिका बिश्नोई 78 के स्कोर से कुल 153 के स्कोर के साथ दूसरे से तीसरे स्थान पर खिसक गई। पिछले चरण की विजेता गुरसिमर बदवाल और सिद्धी कपूर क्रमश: 76 और 77 के स्कोर के साथ कुल 154 के स्कोर से संयुक्त चौथे स्थान पर हैं।
Source: Navbharat Times February 06, 2019 13:04 UTC