पहले जानिए गेंदे के फूल के फायदे गेंदे के फूल का इस्तेमाल सजावट के लिए तो होता ही है, इसके अर्क का इस्तेमाल जलने, कटने या त्वचा पर जलन से बचाव के लिए किया जाता है। इसमें विटामिन सी भी भरपूर मात्रा में पाया जाता है, जो कि एंटीऑक्सिडेंट है। ऐसे में गेंदे के फूल से बने अर्क का सेवन दिल के रोग, कैंसर और स्ट्रोक को रोकने में काफी मददगार साबित होता है। गेंदे के फूल से इत्र भी बनता है, जिसकी बाजार में अच्छी मांग होती है।कितना फायदा है इसकी खेती में? अगर आप 1 एकड़ खेत में गेंदे की खेती करते हैं तो साल में करीब 5-6 लाख रुपये कमा सकते हैं। गेंदे के फूल 70 रुपये तक बिकते हैं और एक एकड़ खेत से आपको हर हफ्ते करीब 2.5-3 कुंटल फूल मिल जाएंगे। यानी हर हफ्ते आपकी कमाई करीब 18-20 हजार रुपये की होगी। यानी साल में करीब 5-6 लाख रुपये। साल में आप 3 बार गेंदे के फूल की खेती कर सकते हैं और एक बार एक एकड़ खेती में 30-35 हजार रुपये तक का खर्च आता है। यानी साल भर में लगभग 1 लाख का खर्च और 5-6 लाख तक की कमाई। अगर इसी कमाई को हेक्टेयर (करीब 2.5 एकड़) में गिनें तो आप साल भर में 12-15 लाख रुपये कमा सकते हैं।कैसे होती है गेंदे के फूल की खेती? अगर आप एक हेक्टेयर में गेंदे की खेती करते हैं तो आपको करीब 800 ग्राम से 1 किलो बीज की जरूरत होगी। पहले गेंदे के फूल की नर्सरी तैयार की जाती है। गेंदे का फूल जब करीब 4 पत्तियों का हो जाता है, तो इसकी रोपाई की जाती है। करीब 35-40 दिन में गेंदे में कली आने लगती है। उस पहली बीच की कली को करीब 2 इंच नीचे से तोड़ देना चाहिए। ऐसा करने से गेंदे में बहुत सारी कलियां आती हैं और पैदावार अच्छी होती है।
Source: Navbharat Times July 24, 2021 12:33 UTC