Jabalpur News: यातायात नियमों की बार-बार अनदेखी अब नहीं चल सकेगी, निरस्त किए जाएंगे ड्राइविंग लायसेंस - News Summed Up

Jabalpur News: यातायात नियमों की बार-बार अनदेखी अब नहीं चल सकेगी, निरस्त किए जाएंगे ड्राइविंग लायसेंस


डिजिटल डेस्क,जबलपुर। शहर की यातायात व्यवस्था को बनाने और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासन ने अब सख्त रुख अपना लिया है। कलेक्टर राघवेंद्र सिंह की अध्यक्षता में सोमवार को आयोजित समीक्षा बैठक में निर्णय लिया गया कि यातायात नियमों की बार-बार अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।इस नई व्यवस्था के तहत ऐसे वाहन चालक जिनके नाम पर पांच बार से अधिक ई-चालान जारी हो चुके हैं और उन्होंने राशि का भुगतान नहीं किया है, उनके ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त किए जाएंगे। स्मार्ट सिटी और यातायात पुलिस द्वारा ऐसे उल्लंघनकर्ताओं की सूची तैयार की जा रही है, ताकि उनके खिलाफ नियमानुसार कठोर कदम उठाए जा सकें।परिवहन विभाग को भेजा जाएगा प्रस्ताव: प्रशासन ने ई-चालान की वसूली को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए परिवहन विभाग को एक विशेष प्रस्ताव भेजने का निर्णय लिया है, जिसके अंतर्गत वाहनों के पंजीयन और बीमा का नवीनीकरण तभी संभव होगा जब वाहन मालिक अपने सभी लंबित ई-चालानों का भुगतान कर देंगे।वर्तमान में जबलपुर स्मार्ट सिटी द्वारा संचालित इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम के माध्यम से शहर के प्रमुख चौराहों तीन पत्ती, शास्त्री ब्रिज, नागरथ चौक, गोहलपुर, लेबर चौक, बंदरिया तिराहा, तैय्यब अली और अधारताल सहित अन्य स्थानों पर रेड लाइट उल्लंघन, बिना हेलमेट और ट्रिपल राइडिंग पर लगातार नजर रखी जा रही है। शहर के प्रवेश और निकास मार्गों पर हेलमेट पहनना अनिवार्य कर दिया गया है।मल्टीलेवल पार्किंग के 3 सौ मीटर के दायरे में नो पार्किंग जोनबैठक में बताया कि भंवरताल, सिविक सेंटर और मानस भवन स्थित मल्टीलेवल पार्किंग के तीन सौ मीटर के दायरे में नो पार्किंग जोन घोषित किया गया है। यदि कोई भी कार मालिक इस परिधि में सड़क किनारे अवैध पार्किंग करता पाया जाता है तो यातायात पुलिस द्वारा वाहन को तत्काल जब्त किया जाएगा। टायर लॉक सिस्टम शुरू किया जाएगा।कलेक्टर श्री सिंह और एसपी संपत उपाध्याय ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ आगामी 10 दिनों के भीतर इन सभी व्यवस्थाओं को प्रभावी रूप से लागू करने के निर्देश दिए हैं। बैठक में निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार, स्मार्ट सिटी सीईओ अनुराग सिंह, एएसपी ट्रैफिक अंजना तिवारी, डीएसपी ट्रैफिक संतोष शुक्ला, कैंट बोर्ड के अधिकारी सहित अन्य उपस्थित रहे।


Source: Dainik Bhaskar February 17, 2026 11:20 UTC



Loading...
Loading...
  

Loading...

                           
/* -------------------------- overlay advertisemnt -------------------------- */