डिजिटल डेस्क,जबलपुर। टी-20 वर्ल्डकप क्रिकेट में बुधवार को श्रीलंका और न्यूजीलैंड के बीच खेले गए मैच के दौरान लाखों का दांव लगाया जा रहा था। रांझी पुलिस ने कार सवार दो सटोरियों को पकड़ा जो कि हर गेंद पर दांव लगवा रहे थे। उनके पास से बीस हजार नकद व 4 मोबाइल जब्त किए गए। पकड़े गए सटोरियों द्वारा शहर के दो बड़े बुकी जो कि सगे भाई हैं से आईडी लेकर सट्टा खिलाया जा रहा था। पुलिस ने इस मामले में कुल 9 लोगों को आरोपी बनाया है।इस संबंध में एएसपी क्राइम जितेंद्र सिंह ने बताया कि बुधवार की रात मुखबिर की सूचना पर टीआई उमेश गोल्हानी और उनकी टीम ने रांझी सामुदायिक भवन के पास कार क्रमांक एमपी 20 जेडजी 0030 को घेराबंदी कर पकड़ा। कार में रांझी दर्शन तिराहा निवासी अनमोल पटारिया उर्फ बीसू व उसके साथी कृष्णा नामदेव को पकड़ा। दोनों मोबाइल पर आईडी खोलकर क्रिकेट का सट्टा खिलवा रहे थे। उनके पास से 4 मोबाइल व 20 हजार 350 रुपए नकद जब्त किए गए।कई लोगाें को बेची थी आईडी- पुलिस के अनुसार सटोरिया अनमोल ने बताया उसने कृष्णा, अंकुश शिवहरे, विशाल सराफ, राहुल लालवानी, अंंकित सोनकर और विवेक गुप्ता को आईडी दी थी, जिसके जरिए वे क्रिकेट का सट्टा लिख रहे और मैच के बाद लेन-देन होता था। पुलिस ने इन सभी के अलावा खत्री बंधुओं को भी आरोपी बनाया है।बड़े बुकियों का नेटवर्कपुलिस के अनुसार सटोरियों के मोबाइल पर जो आईडी खुली मिली, उसके संबंध में सटोरिया अनमोल ने बताया कि उसने बुकी दिलीप खत्री और उसके भाई संजय खत्री से दो एप की मास्टर आईडी और पासवर्ड लिया। पुलिस के अनुसार दोनों बुकी पहले भी क्रिकेट सट्टा मामले में आरोपी बनाए जा चुके हैं।
Source: Dainik Bhaskar February 28, 2026 01:32 UTC