Nagpur News संगठन विस्तार के साथ भाजपा अब प्रशिक्षित कार्यकर्ताओं की टीम तैयार कर रही है। भाजपा के संवाद से लेकर भाषणों के तरीकों में बदलाव होगा। एआई अर्थात कृत्रिम बुद्धिमत्ता का इस्तेमाल कराया जाएगा। इसके अलावा विविध नए कार्यक्रम तय किए जाएंगे। विदर्भ में मंडल स्तर पर कार्यकर्ताओं को विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। 14 व 15 मार्च को लगभग 50 मंडलों में निवासी प्रशिक्षण की तैयारी है। इसके तहत बड़े नेताओं व पदाधिकारियों को मंडल स्तर पर निवास करना होगा।पहले चरण में विदर्भ के 50 मंडलों में शिविर : पं. दीनदयाल ोउपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान 2024 अंतर्गत पूर्व व पश्चिम विदर्भ में प्रशिक्षण में नवाचार विषय पर बैठक हो चुकी है। 9 मार्च को रेशमबाग स्थित स्मृति मंदिर सभागृह में बैठक में प्रदेश महामंत्री विधायक संजय कुंटे व सांसद रामदास तडस सहित अन्य पदाधिकारी थे। 10 मार्च को अमरावती में प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र चव्हाण की उपस्थिति में बैठक हुई। इन बैठकों में मुख्य तौर से चर्चा हुई कि मंडल स्तर पर प्रशिक्षित कार्यकर्ता तैयार किए जाए। संगठनात्मक मामले में विदर्भ दो भाग में विभाजित है। पूर्व विदर्भ में 9 संगठनात्मक जिले है। पश्चिम विदर्भ में भी 9 जिले हैं। विदर्भ में 308 मंडल है इनमें पहले चरण में लगभग 50 मंडलों में प्रशिक्षण दिया जाएगा।प्रशिक्षित प्रवक्ता तैयार किए जाएंगे : प्रशिक्षित प्रवक्ता भी तैयार किए जाएंगे। 7 विषयों पर प्रमुखता से प्रशिक्षण दिया जाएगा। इनमें भाजपा की विचारधारा, महापुरुषों के समाज में योगदान से लेकर भाजपा के नेतृत्व की केंद्र व राज्य सरकारों की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी का समावेश रहेगा। नवाचार प्रशिक्षण में एआई एप्लीकेशन, वर्चुअल बैठक, पावर प्वाइंट प्रजेंटेशन, एआई के माध्यम से कम समय में रिपोर्ट तैयार करने व ग्राफिक्स बनवाने का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। किसी भी विषय पर जानकारी, डेटा विश्लेषण के लिए चैट जीपीटी के इस्तेमाल के अलावा सोशल मीडिया पर एआई फोटो व वीडियो अपलोड करने में सावधानी बरतने के संबंध में जानकारी दी जाएगी। प्रशिक्षण कार्यक्रम में विदर्भ संगठन मंत्री डॉ. उपेंद्र कोठेकर, प्रशिक्षण अभियान सहसंयोजक धर्मपाल मेश्राम, विधानपरिषद सदस्य परिणय फुके, अर्चना डेहनकर, प्रदेश महामंत्री राजेश पांडे, महानगर अध्यक्ष दयाशंकर तिवारी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।कार्यकर्ता का सर्वांगीण विकास : महाअभियान भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता के सर्वांगीण विकास व राष्ट्रप्रेमी नागरिक तैयार करने का महायज्ञ है। भाजपा केवल चुनाव के समय काम करने वाला दल नहीं, बल्कि प्रत्येक कार्यकर्ताओं का जीवन सृजन करने वाली विचारधारा है। प्रशिक्षण के माध्यम से सेवाभावी कार्यकर्ता समाज को मिलेंगे। धर्मपाल मेश्राम, सह संयोजक, भाजपा महाअभियान, महाराष्ट्र
Source: Dainik Bhaskar March 13, 2026 12:50 UTC