Nagpur News नागपुर शहर में जारी इंदोरा-दिघोरी फ्लाईओवर का निर्माण कार्य मंगलवार को राम कूलर के पास राहगीरों के लिए मुसीबत बन गया।दोपहर करीब 12.20 बजे फ्लाईओवर के दो सेगमेंट के बीच की गैप को सीमेंट-कंक्रीट से भरते समय गीला मलबा नीचे से गुजर रहे वाहन चालकों और लोगों पर गिर गया। इस घटना से गुस्साए नागरिकों का वहां काम कर रहे श्रमिकों के साथ विवाद हो गया। हालांकि, कंपनी ने नीचे सुरक्षा के लिए कपड़ा लगाया था, लेकिन रिसाव के कारण कंक्रीट नीचे नेट गिरता रहा।सूचना मिलते ही ठेका कंपनी के अधिकारी मौके पर पहुंचे और सुरक्षा सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया, जिसके बाद मामला शांत हुआ। इस बीच, नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एनएचएआई) ने ठेका कंपनी को काम के दौरान अत्यधिक सावधानी बरतने के सख्त निर्देश दिए हैं।कबाड़ के ढेर में लगी भीषण आग : आउटर रिंग रोड स्थित बेला हरि गांव के पास मंगलवार को सुबह कबाड़ गोदाम में भीषण आग लगने से लाखों का माल जलकर खाक हो गया। घटना में किसी प्रकार की कोई जनहानि नहीं हुई। धुआं इतना ऊंचा उठ रहा था कि, कुछ समय के लिए इलाके में कोहरा जैसी स्थिति बन गई थी। आग की लपटें भी काफी भयावह लग रही थीं। दमकल विभाग के अनुसार भारत गैस एलपीजी गोदाम के पास, गोल्ड क्वाइन रेस्टोरेंट के समीप न्यू ऐरा प्लास्टिक नामक दुकान के परिसर में भारी मात्रा मेें कबाड़ माल रखा हुआ था। दुकान मालिक मो. इफ्तेखार बताया जा रहा है।कारण अज्ञात : बताया जाता है कि, इस खाली जगह पर एक सीमेंट का छोटा मकान और टीनशेड था, जिसके पास प्लास्टिक, वायरिंग और अन्य वेस्टेज सामान का ढेर रखा था। घटना वाले दिन सुबह करीब 11.20 बजे कबाड़ के ढेर से धुआं उठने लगा और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। धुएं का गुबार दूर से दिखाई दे रहा था। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग ने नरेंद्र नगर, सक्करदरा तथा त्रिमूर्तिनगर फायर स्टेशन से वाहन मौके पर भेजे। नरेंद्र नगर फायर स्टेशन के अधिकारी अशोक घवघवे के नेतृत्व में दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया। प्रारंभिक तौर पर आग लगने के कारण स्पष्ट नहीं है।
Source: Dainik Bhaskar March 11, 2026 08:21 UTC